अभिनेता सोनू सूद ने उत्तराखंड के 172 प्रवासियों को फ्लाइट से भेजा देहरादून
रियल हीरो बने अभिनेता सोनू सूद ने 172 प्रवासियों को मुंबई से स्पेशल फ्लाइट के जरिये दून भेजा है। सोनू की इस दरियादिली से उत्तराखंड के लोग भी उनके मुरीद हो गए हैं।
डोईवाला (देहरादून), जेएनएन। लॉकडाउन के चलते जगह-जगह फंसे प्रवासियों को उनके घरों तक पहुंचाकर रियल हीरो बने अभिनेता सोनू सूद ने उत्तराखंड के 172 प्रवासियों को मुंबई से स्पेशल फ्लाइट के जरिये उत्तराखंड भेजा है। सोनू की इस दरियादिली से उत्तराखंड के लोग भी उनके मुरीद हो गए हैं। शुक्रवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे प्रवासियों ने सोनू सूद की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
पिछले कई दिनों से प्रवासियों को अपने खर्चे पर उनके घरों तक पहुंचाने वाले अभिनेता सोनू सूद इन दिनों सुर्खियों में हैं। इस बार सोनू उत्तराखंड के प्रवासियों के लिए फरिश्ता बनकर आए। सोनू ने उत्तराखंड के 172 लोगों को हवाई जहाज के जरिये मुंबई से जौलीग्रांट भेजकर मानवता की मिसाल पेश की है। शुक्रवार को शाम चार बजे एयर एशिया की विशेष फ्लाइट गढ़वाल व कुमाऊं मंडल के प्रवासियों को लेकर मुंबई से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंची।
एयरपोर्ट पर यात्रियों ने बॉलीवुड अभिनेता सोनू का आभार व्यक्त किया। यात्रियों को उपजिलाधिकारी लक्ष्मीराज चौहान, नायब तहसीलदार रूप सिंह, नोडल अधिकारी अजय पांडे आदि की देखरेख में संस्थागत क्वारंटाइन के लिए देहरादून व अन्य स्थानों पर भेजा गया है। एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान ने बताया कि मुंबई से आए यात्रियों में कुछ के साथ बच्चे भी थे, जिन्हें उनके जिलों में क्वारंटाइन के लिए भेजा गया है। बताया कि इस फ्लाइट में अधिकांश लोग टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, देहरादून, चमोली व बागेश्वर जिलों के थे। एयरपोर्ट के मैनेजर सुमित सक्सेना ने बताया कि मुंबई से आई नॉन शेड्यूल की इस विशेष फ्लाइट से 172 लोग जौलीग्रांट पहुंचे हैं।
किसी फरिश्ते से कम नहीं हैं सोनू सर
मियांवाला (देहरादून) निवासी दीपक सिंह ने बताया कि वह मुंबई में नौकरी करते हैं। लॉकडाउन के बाद काम बंद हो गया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी। एक दोस्त ने उन्हें सोनू सूद के बारे में बताया। काफी प्रयासों के बाद भी जब सोनू से कॉन्टेक्ट नहीं हुआ तो फिर उनके दोस्त ने ही सोनू से संपर्क साधा और उनकी परेशानी से अवगत कराया। दीपक बताते हैं कि सोनू के काम को देखते हुए उन्हें उम्मीद थी कि उनका रास्ता भी जरूर खुलेगा। मगर, जब पता चला कि सोनू उनके लिए स्पेशल फ्लाइट की व्यवस्था कर रहे हैं तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
शुक्रवार को जब मुंबई एयरपोर्ट पर स्वयं सोनू ने उन्हें फ्लाइट का टिकट देकर विदा किया तो लगा मानो धरती पर कोई फरिश्ता आ गया। बागेश्वर निवासी सुरेंद्र पाठक ने बताया कि हम लोग लंबे समय से मुंबई में फंसे हुए थे। लॉकडाउन के कारण उत्तराखंड लौटने की कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। हमारे ग्रुप के कुछ लोगों ने सोनू से जब परेशानी बताई तो उन्होंने सभी को अपने खर्च पर भेजने का आश्वासन दिया। दो दिन पूर्व पता चला कि वास्तव में सोनू ने बस या ट्रेन से नहीं, बल्कि हवाई जहाज से हमारे टिकट करा दिए हैं।
यह भी पढ़ें: 1152 यात्रियों ने की श्रमिक स्पेशल ट्रेन से की मुफ्त यात्रा, पढ़िए पूरी खबर