Dehradun Crime News: हाई कोर्ट के जज की बेटी से आइफोन छीनकर भागे टप्पेबाज
Dehradun Crime News देहरादून में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। सोमवार को टप्पेबाजों ने हाई कोर्ट के जज की बेटी से आइफोन छीन लिया और भाग गए। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Dehradun Crime News दून की सड़कों पर टप्पेबाज बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामले में रिस्पना पुल के पास दो टप्पेबाज हाई कोर्ट के जज की बेटी से आइफोन छीनकर भाग गए। युवती की शिकायत पर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है। उत्तराखंड हाई कोर्ट में जज न्यायमूर्ति शरद कुमार शर्मा की बेटी हर्षिता शर्मा ने नेहरू कालोनी थाना पुलिस को टप्पेबाजी की शिकायत दी है। इसमें उन्होंने बताया कि सोमवार को शाम करीब साढ़े छह बजे वह रिस्पना पुल से मोबाइल पर बात करते हुए गुजर रही थीं। अचानक एक बाइक में सवार दो युवक उनके पास आए और मोबाइल छीन लिया। जब तक वह कुछ समझ पातीं, आरोपित आंखों से ओझल हो गए।
नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने बताया कि युवती देहरादून में उत्तरांचल डेंटल कालेज की छात्रा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। इसमें आरोपित और उनकी बाइक नजर आई है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
तपोवन आश्रम से दानपात्र व घर से नकदी व जेवर चोरी
चोर अब धार्मिक स्थलों को भी नहीं बख्श रहे हैं। रायपुर क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहां तपोवन में आश्रम से चोरों ने दानपात्र समेत कई कीमती सामान उड़ा दिया। जबकि, अमन विहार में एक घर से चोरों ने नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। रायपुर पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार वैदिक साधन आश्रम तपोवन नालापानी में बीते 30 सितंबर को चोरी हो गई। अज्ञात ने आश्रम से दानपात्र, तांबे का जलपात्र और अन्य सामान चोरी कर लिया। आश्रम के सचिव प्रेम प्रकाश ने बताया कि इस प्रकार की चोरियां आश्रम में पूर्व में भी हुई हैं।
उधर, अमन विहार निवासी राकेश चंद्र पुरोहित ने थाना रायपुर में घर में चोरी होने की लिखित सूचना दी। बताया कि बीते दो अक्टूबर को शिमला घूमने गए थे। चार अक्टूबर को घर लौटे तो देखा कि पिछला दरवाजा टूटा हुआ है और पूरा घर अस्त-व्यस्त है। बताया कि घर की आलमारी से 15000 रुपये और 15 चांदी के सिक्के व कुछ जेवर गायब हैं। घर में कैमरा भी लगा है, लेकिन उसकी हार्ड डिस्क भी चोरी हो गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:- देहरादून के प्रेमनगर से फर्जी सैन्य अधिकारी गिरफ्तार, आरोपित के पास से मिले फर्जी कैंटीन कार्ड और सेना की वर्दी