स्मार्ट सिटी: मई 2021 तक तैयार होगी मॉडर्न दून लाइब्रेरी
स्मार्ट सिटी के तहत प्रस्तावित मॉडर्न दून लाइब्रेरी मई 2021 तक तैयार हो जाएगी। स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, देहरादून : स्मार्ट सिटी के तहत प्रस्तावित मॉडर्न दून लाइब्रेरी मई 2021 तक तैयार हो जाएगी। स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने मॉडर्न दून लाइब्रेरी प्रोजेक्ट की स्थिति और कार्यो की समीक्षा की। इस दौरान प्रोजेक्ट का प्रस्तुतीकरण किया गया। रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि लाइब्रेरी तैयार करने की डेडलाइन मई 2021 रखी गई है। साथ ही अधिकारियों को इस कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने निर्माण संस्था उत्तराखंड पेयजल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य समय पर पूरा करने पर जोर दिया जाए। जिसके लिए समन्वय स्थापित करने के लिए यथासंभव व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि मानसून सीजन के दौरान कार्य जारी रखने के लिए भी फुलप्रूफ प्लान तैयार किया जाए।
दून लाइब्रेरी का किया निरीक्षण
बैठक के बाद स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने दून लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी का प्रस्तावित भवन चार मंजिला होगा, जिसमें लगभग 500 छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ने की व्यवस्था होगी। लाइब्रेरी में आरएफआइडी टैग निर्गत किए जाएंगे और ई-रीडिंग की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा छोटे बच्चों के लिए किड जोन भी होगा।
प्रोजेक्ट पर एक नजर
प्रोजेक्ट: मॉडर्न दून लाइब्रेरी
कार्यदायी संस्था: उत्तराखंड पेयजल निगम
लागत: 12.33 करोड़ रुपये
कार्य प्रारंभ: 15 नवंबर 2019
पूर्ण करने की तिथि: 15 मई 2021