विजय हजारे ट्रॉफी: सिक्किम, चंडीगढ़ और नागालैंड की जीत, अंक तालिका में बढ़त
सिक्किम ने मिजोरम पर 124 रनों की बड़ी जीत दर्ज की है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिक्किम ने मिजोरम को 189 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में मिजोरम 64 रन बनाकर ढेर हो गई।
दहेरादून, जेएनएन। विजय हजारे ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप के मुकाबलों में सिक्किम ने मिजोरम को 124 रन से, चंडीगढ़ ने मेघालय को छह विकेट से और नागालैंड ने अरुणाचल प्रदेश को चार विकेट से हराकर अंक तालिका में बढ़त बनाई है।
राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को सिक्किम और मिजोरम के बीच मैच खेला गया, जिसमें सिक्किम ने पहले खेलते हुए 49.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 188 रन बनाए। टीम के लिए इकबाल अब्दुल्ला 56, बिबेक बिकाल ने 46, दिनेश बहादुर और ईश्वर चौधरी ने 15-15 रन बनाए। मिजोरम के लिए परवेज अहमद ने चार और अबरार अब्दुल ने दो विकेट चटकाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मिजोरम टीम कमजोर शुरुआत के चलते 16 ओवर में 64 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए लालहमा वारलंग की 41 रनों की पारी को छोड़ अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई का अंक नहीं पार कर सका। इसके अलावा छह खिलाड़ी बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। सिक्किम के लिए पदम राज ने छह ओवर में 20 रन देकर छह विकेट चटकाए।
नागालैंड ने अरुणाचल को चार विकेट से हराया
अभिमन्यु क्रिकेट ऐकेडमी में अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के बीच मैच खेला गया। पहले खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 212 रन बनाए। राहुल दलाल ने 61, उवैस अहमद ने 32, समर्थ सेठ ने 21, सोंग टाचो ने नाबाद 35 और अखिलेश साहनी ने 21 रन बनाए। नागालैंड के लिए इमलीवती ने चार विकेट हासिल किए। जवाब में नागालैंड ने 45.2 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। योगेश ने 91 रन की पारी खेली। ओशशि ने 28, स्टुअर्ट बिन्नी ने 24 व श्रीकांत ने 20 रन का योगदान दिया। अरुणाचल प्रदेश के तेची नेरी ने दो विकेट हासिल किए।
मेघालय पर चंडीगढ़ की जीत
कासिगा स्कूल ग्राउंड में चंडीगढ़ और मेघालय के बीच मैच खेला गया। मेघालय ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 184 रन बनाए। संजय यादव ने नाबाद 61, डब्ल्यूएल क्यांसी ने 27, अमिग्यांशु सेन ने 27 और डी रवि तेजा ने 21 रन का योगदान दिया। चंडीगढ़ के श्रेष्ठ निरमोही और अनिरुद्ध कुंवर ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में चंडीगढ़ ने 43.5 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अर्जुन आजाद ने 70, गौरव पुरी ने 31, जसकरन सिंह ने नाबाद 29 और अंकित कौशिक ने नाबाद 31 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: विजय हजारे ट्रॉफी: नागालैंड की चंडीगढ़ पर जीत, दो अन्य मैचों मे ये टीमें रही विजेता