कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए जौनसार के सात लोग आइसोलेट
चकराता महाराष्ट्र के मुंबई से घर लौटे जिला उत्तरकाशी के भंकोली निवासी एक व्यक्ति के संक्रमित पाए जाने और इसके संपर्क मे में आने वाले सात लोगों को क्वारंटाइन किया गया है।
संवाद सूत्र, चकराता: महाराष्ट्र के मुंबई से घर लौटे जिला उत्तरकाशी के भंकोली निवासी एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से उसके संपर्क में आए जौनसार के सात लोगों को स्वास्थ्य विभाग टीम ने आइसोलेट किया है। इसके अलावा अन्य राज्यों से वापस घर लौटे क्षेत्र के करीब तीन सौ प्रवासी अलग-अलग जगह होम क्वॉरेंटाइन किए गए है। एसडीएम चकराता डॉ. अपूर्वा सिंह ने कहा कि अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड व अलग-अलग जगह होम क्वारंटाइन किए गए प्रवासियों की निगरानी को स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम बराबर नजर बनाए हुए हैं।
उत्तरकाशी के भंकोली क्षेत्र में मुंबई से लौटे व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की सूचना से उसके संपर्क में आए जौनसार के सात लोगों का पता चला है। एसडीएम डॉ. अपूर्वा सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले लौटे भंकोली क्षेत्र के व्यक्ति को संक्रमित पाया गया है। इसके संपर्क में जौनसार के कांडोई-बोंदूर, धौरा-पुडिया, पणखेत, मेपावटा क्षेत्र के रहने वाले सात लोग आए। इसकी सूचना प्रशासनिक टीम को मिली। मेपावटा व बोंदूर क्षेत्र के दो लोगों को सीएचसी चकराता के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केशर सिंह चौहान ने कहा कि आइसोलेशन वार्ड में भर्ती दोनों लोगों की शुरुआती जांच नेगेटिव है। वहीं धौरा-पुडिया व पणखेत क्षेत्र के पांच अन्य लोगों को राजस्व पुलिस व स्वास्थ्य विभाग टीम ने लाखामंडल में आइसोलेट किया था। जिन्हें शुक्रवार को जिला उत्तरकाशी शिफ्ट किया गया है। इसी तरह पिछले कुछ दिनों में बाहर से आए चकराता, कालसी व त्यूणी तहसील क्षेत्र के करीब तीन सौ प्रवासियों को अलग-अलग जगह होम क्वॉरेंटाइन किया गया है। इनमें सोलह जमाती भी शामिल है। आइसोलेट व होम क्वॉरेंटाइन किए गए सभी लोगों की निगरानी को स्वास्थ्य विभाग व स्थानीय पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम बराबर नजर रखे हुए हैं।