बेकाबू वाहन ने राजस्व पुलिस के सिपाही को रौंदा, मौत
यातायात व्यवस्था देख रहे राजस्व पुलिस के सिपाही को बेकाबू ने रौंद दिया। जिससे उनकी मौत हो गई।
साहिया, जेएनएन। बेकाबू यूटिलिटी चालक ने साहिया बाजार में यातायात व्यवस्था देख रहे राजस्व पुलिस के सिपाही को रौंद दिया, जिससे वो गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन-फानन उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हायर सेंटर ले जाते वक्त उन्होंने दम तोड़ दिया।
दरअसल, कालसी तहसील के पटवारी चौकी साहिया में तैनात राजस्व अनुसेवक अजब सिंह राठौर (59 वर्ष)पुत्र सुर्जन सिंह निवासी पानुवा-जौनसार साहिया बाजार में आए दिन लगने वाले जाम को खुलवाने और यातायात व्यवस्था देखने को बाजार में ड्यूटी पर निकले थे। इस दौरान तेज गति से आ रहे बेकाबू यूटिलिटी चालक ने अजब सिंह को रौंद दिया। इससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने गाड़ी के नीचे फंसे अजब सिंह को बाहर निकाला और सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर राजस्व सिपाही को हायर सेंटर विकासनगर रेफर कर दिया। लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक जयलाल शर्मा ने वाहन को सीज कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपित चालक शुभम पुत्र दौलतराम निवासी धारिया-चकराता के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। शुभम को बुधवार न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि गाड़ी को नौसिखिया हेल्पर शुभम चला रहा था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें: कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत; भाई घायल
यह भी पढ़ें: ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
यह भी पढ़ें: बल्लीवाला फ्लाईओवर सड़क हादसे में बैंक मैनेजर के बेटे की मौत