डॉ. मुरली मनोहर जोशी बोले, हमारे मूल में ही हैं सुख; शांति और समृद्धि
सुख शांति और समृद्धि हमारे मूल में ही हैं। ये कहना है पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद डॉ मुरली मनोहर जोशी का।
डोईवाला, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी का कहना है कि सुख, शांति और समृद्धि हमारे मूल में ही हैं। बस जरूरत है तो उन्हें खोजने और समझने की।
प्रणब मुखर्जी फाउंडेशन और सेंटर फॉर रिसर्च इन रूरल एंड इडस्ट्रियल डेवलपमेंट के तत्वावधान में दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जौलीग्रांट में विज्ञान और अध्यात्म के जरिये सुख, शांति व समृद्धि के रुपांतरण पर आयोजित इस सम्मेलन का शुभारंभ डॉ. मुरली मनोहर जोशी और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने सम्मेलन के मूल विषय पर बारीकी से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुख, शांति और समृद्धि हमारे मूल में ही है। हमें उसे खोजना और समझना होगा। उन्होंने कहा कि जरूरी है कि नैतिकता और रचनात्मकता के आधार पर इनका रूपांतरण हो।
वहीं सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान दौर में अध्यात्म व विज्ञान के तालमेल के जरिये ही सुख, शांति और समृद्धि की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। भारत आज दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था है। बावजूद इसके ग्लोबल हैप्पीनेस इंडेक्स में भारत 133वां व वर्ल्ड पीस इंडेक्स में 137वें स्थान पर है, जो चिंताजनक पहलू है। दुनिया को योग भारत की देन है।
डॉ. ज्योति त्रिवेदी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
एचआइएमस में मूर्तियों का किया अनावरण
हिमालयन आयुर्विज्ञान संस्थान के परिसर में भारतीय चिकित्सा विज्ञान के जनक, आयुर्वेद के प्रसिद्ध ग्रंथ चरक संहिता के रचियता महर्षि चरक व शल्य चिकित्सा के जनक महर्षि सुश्रुत की नवनिर्मित मूर्ति का अनावरण सांसद और पूर्व केंंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी, गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ. प्रणव पांड्या व स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने संयुक्त रूप से किया।
यह भी पढ़ें: तीन दिवसीय दून दौरे पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, इस कार्यक्रम में होंगे शामिल
यह भी पढ़ें: पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह तीन दिन रहेंगे दून में, इस कार्यक्रम में लेंगे भाग
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी को दिखाई जाएगी केदारनाथ में बदलाव की तस्वीर