प्रसूता को भर्ती कराने को लेकर दून अस्पताल में हंगामा, पढ़िए पूरी खबर
दून महिला अस्पताल में एक गर्भवती महिला को भर्ती कराने को लेकर हंगामा हुआ। हंगामे के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तब उसे लेबर रूम में ले जाया गया।
देहरादून, जेएनएन। दून मेडिकल कालेज चिकित्सालय स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (दून महिला अस्पताल) में सोमवार शाम को एक गर्भवती महिला को भर्ती कराया गया। एक एनजीओ की संचालिका पूजा बहुखंडी तीस वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर महिला को सेलाकुई से एंबुलेंस में लेकर आईं थीं। अस्पताल लाने के बाद महिला को प्रसव के लिए लेबर रूम में ले जाने से पहले अभिलेखीय औपचारिकता पूरी करने के लिए किसी परिजन के न होने से अस्पताल प्रबंधन ने महिला को भर्ती करने से मना कर दिया। हंगामे के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, तब उसे लेबर रूम में ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, विक्षिप्त महिला सेलाकुई पुल के नीचे एक वृद्ध व्यक्ति (बाबा) के साथ रह रही थी। वृद्ध व्यक्ति और महिला का धर्म अलग-अलग था। जबकि वृद्ध खुद को महिला का पिता बता रहा था। सोमवार को राहगीरों ने देखा कि पुल के नीचे एक विक्षिप्त महिला प्रसव पीड़ा से कराह रही है। किसी ने इसकी सूचना एनजीओ संचालिका पूजा बहुखंडी को दी। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं और 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को दून महिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसकी अल्ट्रासाउंड व अन्य जांच की गईं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर विक्षिप्त के गर्भ में किसका बच्चा पल रहा है। एसएसआइ कोतवाली अशोक राठौर ने बताया कि मामले की जानकारी सहसपुर थाने की पुलिस को दे दी गई है। महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
यह भी पढ़ें: दून अस्पताल की बत्ती हुई गुल, चार कर्मियों को भेजा नोटिस
यह भी पढ़ें: दून अस्पताल में मरीजों को मिलेगी राहत, अब नहीं होगी बेड की दिक्कत