Move to Jagran APP

वंदना कटारिया के नाम से जाना जाएगा रोशनाबाद हाकी स्टेडियम, पढ़िए पूरी खबर

सरकार की ओर से रोशनाबाद स्थित नवनिर्मित सिंथेटिक हाकी स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के नाम पर करने का शासनादेश जारी किया गया है। इस फैसले से वंदना के स्वजन के साथ ही खेलप्रेमी भी काफी उत्साहित हैं।

By Sunil NegiEdited By: Published: Mon, 06 Dec 2021 10:24 PM (IST)Updated: Mon, 06 Dec 2021 10:24 PM (IST)
वंदना कटारिया के नाम से जाना जाएगा रोशनाबाद हाकी स्टेडियम, पढ़िए पूरी खबर
वंदना कटारिया के नाम से जाना जाएगा रोशनाबाद हाकी स्टेडियम।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हाकी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाली हरिद्वार की वंदना कटारिया के नाम एक और उपलब्धि दर्ज हो गई है। दरअसल, सरकार की ओर से रोशनाबाद स्थित नवनिर्मित सिंथेटिक हाकी स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के नाम पर करने का शासनादेश जारी किया गया है। इस फैसले से वंदना के स्वजन के साथ ही खेलप्रेमी भी काफी उत्साहित हैं।

loksabha election banner

टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हाकी टीम ने करो या मरो के मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 4-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। इस महत्वपूर्ण मुकाबले में हैट्रिक गोल कर वंदना कटारिया टोक्यो ओलिंपिक में यह कारनामा करने वाली पहली महिला हाकी खिलाड़ी बन गई थी। टोक्यो ओलिंपिक से लौटने पर अगस्त में वंदना का इसी स्टेडियम में जोरदार स्वागत हुआ था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री अरविंद पांडे ने वंदना के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी थी। आठ अगस्त को उन्हें तीलू रौतेली पुरस्कार भी दिया गया था। इसके अलावा वंदना को मुख्यमंत्री की ओर से 25 लाख रुपये भी दिए गए थे। वंदना की इस उपलब्धि पर धर्मनगरी के साथ ही खेल प्रेमियों ने रोशनाबाद स्थित हाकी स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के नाम पर रखने की मांग की थी। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रोशनाबाद स्थित नवनिर्मित हाकी स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के नाम पर रखा गया है। सरकार की ओर से इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो चुका है। इधर, वंदना की मां सोरण देवी, भाई पंकज कटारिया, लाखन कटारिया आदि ने खुशी जताते हुए सरकार का आभार जताया है। वंदना के भाई पंकज कटारिया ने बताया कि वंदना को फोन पर जब यह जानकारी दी गई तो उसकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं था।

हाल ही वंदना को मिला है अर्जुन पुरस्कार

ओलिंपियन वंदना कटारिया को हाल ही में अर्जुन पुस्कार से भी नवाजा गया है। 28 अक्टूबर को अर्जुन पुरस्कार के लिए वंदना के नाम की सिफारिश से जश्न मना था।

खेल मंत्री नवनिर्मित हाकी स्टेडियम का करेंगे लोकार्पण

खेल मंत्री अरविंद पांडे मंगलवार दोपहर 12:30 बजे रोशनाबाद में नवनिर्मित सिंथेटिक हाकी स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। साथ ही वह बहुद्देश्यीय क्रीड़ा हाल का शिलान्यास भी करेंगे।

यह भी पढ़ें:- उत्‍तराखंड : जेपी नौटियाल को द्रोणाचार्य, वंदना को अर्जुन, कर्नल अमित बिष्ट और शीतल को तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.