Move to Jagran APP

Road Safety With Jagran : देवभूमि में सड़क सुरक्षा को जन जागरण का संकल्प, 16 लाख ने ली शपथ

Road Safety With Jagran 16 लाख से अधिक व्यक्तियों ने सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का अनुपालन करने की शपथ ली। शपथ लेने वालों में मंत्री अधिकारी कर्मचारी स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ ही विभिन्न सामाजिक राजनीतिक व सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल रहे।

By Jagran NewsEdited By: Nirmala BohraPublished: Sat, 10 Dec 2022 08:29 AM (IST)Updated: Sat, 10 Dec 2022 08:29 AM (IST)
Road Safety With Jagran : देवभूमि में सड़क सुरक्षा को जन जागरण का संकल्प, 16 लाख ने ली शपथ
Road Safety With Jagran : 16 लाख से अधिक व्यक्तियों ने यातायात नियमों का अनुपालन करने की शपथ ली।

राज्य ब्यूरो, देहरादून : Road Safety With Jagran : अद्भुत और अद्वितीय, शपथ लेने के लिए बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक के एक साथ उठे हाथ और एक स्वर में गूंजता सड़क सुरक्षा का संकल्प। कुछ ऐसा ही दृश्य शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न कालेज, स्कूल, सरकारी कार्यालयों, निजी संस्थानों, कालोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर दिखा, जहां 16 लाख से अधिक व्यक्तियों ने सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का अनुपालन करने की शपथ ली।

loksabha election banner

दैनिक जागरण द्वारा चलाए गए सड़क सुरक्षा महाभियान के अंतर्गत उत्तराखंड के सुदूर पर्वतीय गांवों से लेकर मैदानी जिलों तक सुरक्षित यातायात के लिए नियमों के अनुपालन की शपथ दिलाई गई। शपथ लेने वालों में मंत्री, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ ही विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक व सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल रहे। भाजपा व कांग्रेस प्रदेश मुख्यालयों में भी सड़क सुरक्षा की शपथ ली गई।

प्रदेश की 4025 किमी लंबी सड़कों का सर्वेक्षण और निरीक्षण किया

सड़क सुरक्षा को यातायात नियमों का अनुपालन करने के लिए शपथ कार्यक्रम दैनिक जागरण द्वारा चलाए गए सड़क सुरक्षा महाभियान का हिस्सा था। दैनिक जागरण ने एक माह तक प्रदेश में सड़क सुरक्षा के लिए महाभियान चलाया। महाभियान के तहत दैनिक जागरण टीम ने प्रदेश की 4025 किमी लंबी सड़कों का सर्वेक्षण और निरीक्षण किया। इनमें 1643 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग, 1678 किमी राज्य राजमार्ग व 704 किमी आंतरिक राजमार्ग शामिल हैं।

अभियान के दौरान जागरण ने प्रदेश में सड़कों की स्थिति, चालकों का व्यवहार, यातायात की स्थिति, संसाधनों की उपलब्धता और कार्मिकों की कमी को प्रमुखता से सामने रखा। इस महाभियान के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्य सचिव डा एसएस संधु, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव परिवहन अरविंद सिंह ह्यांकी समेत अन्य अधिकारियों से विमर्श कर सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए।

दून शहर में तीन लाख, दस हजार नागरिकों ने ली शपथ

दैनिक जागरण के सड़क सुरक्षा अभियान के तहत देहरादून शहर में तीन लाख, दस हजार नागरिकों ने सुरक्षित वाहन ड्राइविंग की शपथ ली। शिक्षा महानिदेशक बंधीधर तिवारी ने राजपुर रोड स्थित राजकीय कन्या इंटरमीडियट कालेज की छात्राओं और एनसीसी कैडेट को शपथ दिलाई। इस दौरान तिवारी ने कहा कि 'दैनिक जागरण का सड़क सुरक्षा महाभियान' एक बेहतरीन जन सरोकार से जुड़ी पहल है।

कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक यह संकल्प ले कि वह सड़क पर वाहन चलाते समय सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का ध्यान रखेगा। शिक्षा महानिदेशक बंधीधर तिवारी ने कहा कि दैनिक जागरण की इस पहल से समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जुड़ना चाहिए। हमें यातायात के नियमों का हमेशा खुद भी पालन करना है और अपने स्वजन से भी पालन करने को कहना है। देश में प्रतिवर्ष सड़क दुर्घटनाओं में हजारों व्यक्तियों की मौत होती है।

यदि सभी सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का शत प्रतिशत पालन करेंगे तो ऐसी दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित सफर देश के प्रत्येक नागरिक की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन कई लोग यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं, जो दुर्घटना का करण बनता है। कार चलाते समय सीट बेल्ट और दोपहिया वाहन चलाते हुए हेलमेट का अवश्य उपयोग करें। वाहन चलाने समय कभी भी मोबाइल का उपयोग न करें।

सड़क पर यदि यातायात के सभी नियमों का पालन किया गया तो सड़क दुर्घटनाओं में भारी कमी आएगी। आमजन खुद भी बचेंगे और दूसरों की जिंदगी को भी बचाने में मदद होगी। इस दौरान विद्यालय की सभी शिक्षक मौजूद रहीं।

इन संस्थानों और कार्यालयों में भी ली गई शपथ

उधर, डीडी कालेज नींबूवाला में कालेज के चेयरमैन जितेंद्र सिंह यादव ने छात्रों को शपथ दिलाई। ग्राफिक एरा हिल विवि की कुलपति डा. आर गौरी ने छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई। इस दौरान विवि के कुलसचिव डा. अरविंद धर मौजूद रहे। देवभूमि उत्तराखंड विवि में भी शपथ ग्रहण की गई। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. ओंकार सिंह ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वाहन चलाने की शपथ दिलाई।

श्रीगुरुराम राय पीजी कालेज पथरी बाग, एमकेपी पीजी कालेज देहरादून, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान निरंजनपुर माजरा में छात्रों को शपथ दिलाई गई। दून मेडिकल कालेज चिकित्सालय में प्रचार्य डा. आशुतोष सयाना व चिकित्सा अधीक्षक डा. यूसूफ रिजवी ने चिकित्सकों, स्टाफ व छात्रों को शपथ दिलाई।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, ट्रांसपोर्टनगर में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, रिजर्व पुलिस लाइन में एडीजी वी मुर्गेशन ने अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई। आरटीओ कार्यालय में आरटीओ प्रशासन सुनील शर्मा व आरटीओ प्रवर्तन शैलेश तिवारी ने कर्मचारियों व ट्रास्पोर्टरों को शपथ दिलाई।

आइएसबीटी में रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने रोडवेज चालक व परिचालकों जबकि परेड ग्राउंड में सिटी बस महासंघ अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने शपथ दिलाई। पलटन बाजार स्थित जामा मस्जिद में शहर काजी मौलाना मोहम्मद अहमद कासमी, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा आढ़त बाजार में सभा के कोषाध्यक्ष सतनाम सिंह ने शपथ दिलाई। इसके अलावा महिला आयोग, बाल आयोग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, शहर के विभिन्न व्यापारी वर्ग, सामाजिक संगठनों ने शपथ ग्रहण की।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.