वाहन चालकों के विवाद में साहिया में लगा जाम
संवाद सूत्र साहिया विकासनगर से चकराता जा रही मैक्स के बेतरतीब खड़े वाहनों से टकराने पर
संवाद सूत्र, साहिया: विकासनगर से चकराता जा रही मैक्स के बेतरतीब खड़े वाहनों से टकराने पर वाहन चालकों के बीच विवाद हो गया, जिस कारण साहिया बाजार में एक घंटे तक जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। मंगलवार सुबह 10 बजे के करीब विकासनगर से चकराता की तरफ जा रही मैक्स गाड़ी साहिया बाजार में सड़क किनारे आड़े तिरछे लगे वाहनों से टकरा गयी। जिसके बाद साहिया पुल के पास वाहन चालकों के बीच नोकझोंक शुरू हो गयी और जाम लग गया। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गयी। किसी तरह ग्रामीणों ने समझा बुझाकर विवाद निपटाया। साहिया पुल निर्माण के समीप जगह कम होने की वजह से दोनों तरफ से कोई भी गाड़ी चालक वाहन पीछे ले जाने को तैयार नहीं हुए, जिससे छोटे से विवाद के कारण एक घंटे तक साहिया बाजार में जाम लगा रहा। चकराता विधानसभा में बुधवार को पंचायत चुनाव का मतदान होने की वजह से नौकरीपेशा लोग भी विकसनगर व देहरादून से वोटर अपने घर वोट देने जा रहे थे, इसकी वजह से भी साहिया में वाहनों की संख्या ज्यादरा रही। ग्रामीण रणवीर चौहान, सूरत सिंह, वीरेंद्र चौहान, सरदार सिंह, माया सिंह आदि ने कहा कि साहिया पुल निर्माण का कार्य चल रहा है, जगह बहुत कम है, इसके बाद भी लोग आड़े तिरछे वाहन रोड पर पार्क कर रहे हैं, इस समस्या को हल करने में राजस्व पुलिस भी नाकाम साबित हो रही है, जिस कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।