2024 तक पूरा होगा कर्णप्रयाग रेल लाइन कार्य
महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य वर्ष 2024 तक पूरा हो जाएगा।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य वर्ष 2024 तक पूरा हो जाएगा। शहरी विकास सचिव एवं मंडलायुक्त गढ़वाल शैलेश बगोली ने बुधवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में यह जानकारी दी।
मंडलायुक्त बगोली ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग अंतिम चरण में है। ऋषिकेश समेत अन्य स्थानों पर स्टेशन आदि को लेकर कार्य शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना का निर्माण कार्य 2024 तक पूरा हो जाएगा। इसके लिए हर स्तर पर प्रयास चल रहे हैं।
गौरतलब है कि लंबे अर्से से चल रही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को मौजूदा केंद्र सरकार ने गति दी है। इसके आकार लेने पर ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक सफर आसान हो जाएगा। इससे जहां चारधाम यात्रियों के साथ ही सैलानियों की संख्या में इजाफा होगा, वहीं स्थानीय लोगों के धन व समय की बचत भी होगी। इस सबको देखते हुए राज्य सरकार भी तय समय पर परियोजना को पूरा कराने के लिए प्रयासरत है।