ऋषिकेश : अवैध खनन रोकने गए प्रधान के पति और ग्रामीणों पर हमला, महिला आयोग ने लिया संज्ञान
बीती रविवार रात अवैध खनन करने पर रोकने पर दबंगों ने प्रधान के पति बलवीर सिंह बिष्ट और सुरजन सिंह बिष्ट सहित अन्य ग्रामीणों पर हमला कर दिया। दबंग दोनों को अपनी कार में डाल कर ले गए और आगे उन्हें फेंक कर चले गए।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : खनन कर रहे दबंगों द्वारा क्षेत्र की महिला प्रधान के प्रति सहित ग्रामीणों पर जानलेवा हमला करने के मामले में राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग अध्यक्ष ने जिलाधिकारी पौड़ी को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कहा है।
यमकेश्वर ब्लाक के अंतर्गत जोगियाना (बैरागढ़) हेंवल नदी में बीती रविवार रात अवैध खनन करने पर रोकने पर दबंगों ने प्रधान के पति बलवीर सिंह बिष्ट और सुरजन सिंह बिष्ट सहित अन्य ग्रामीणों पर हमला कर दिया था।
उसके बाद दबंग दोनों को जबरदस्ती अपनी कार में डाल कर ले गए और आइडीपीएल ग्लास फैक्ट्री ऋषिकेश के पास उन्हें फेंक कर चले गए। उसके बाद 108 सेवा के माध्यम से घायल राजकीय चिकित्सालय पहुंचे और उपचार कराया। पीडि़तों ने दंबगों के खिलाफ लक्ष्मणझूला थाने में तहरीर दी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञातों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया की इस मामले में जोगियाना यमकेश्वर निवासी बीरबल सिंह बिष्ट ने तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी सुमित्रा देवी जोगियाना ग्राम सभा की प्रधान है। रविवार रात उन्हें हेंवल नदी में अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली। जिसके बाद उन्होंने मुझे , सुरजन सिंह , सुखपाल सिंह और विजेंद्र को मौके पर हकीकत पता करने के लिए भेजा था।
वहां दो जेसीबी और 10-12 डंपर के जरिये अवैध खनन किया जा रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो वहां पर मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें धमकाया कि वह बिजनी में क्रशर प्लांट के मालिक का भतीजा है। उसके चाचा ने करोड़ों रुपये खर्च कर यह काम लिया है, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
उसके बाद जब उन्होंने अवैध खनन रोकने के लिए कहा तो उक्त व्यक्ति ने उसके सिर पर रिवाल्वर की बट से वार कर दिया। जब सुरजन सिंह रोकने के लिए तो उसने उनके मुंह पर भी रिवाल्वर की बट से हमला कर दिया। उसके बाद उसके अन्य साथियों ने भी उनपर और उनके साथ सुखपाल सिंह, विजेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
उसके बाद दंबगों ने उसे और सुरजन को जबरदस्ती कार में डाल दिया और गरुड़ चट्टी के रास्ते आइडीपीएल ग्लास फैक्ट्री के समीप अलसुबह सवा दो बजे फेंक कर फरार हो गए। पीडि़त ने आरोप लगाया कि कार के अंदर भी दंबगों ने उनकी पिटाई की।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में अज्ञातों के खिलाफ बलवा, मारपीट, प्राणघातक हमला और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सोमवार सुबह ग्राम प्रधान सुमित्रा देवी अन्य ग्रामीणों के साथ थाना लक्ष्मण झूला पहुंची। उन्होंने इस मामले में पुलिस से हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित क्षेत्र में राजनीतिक संरक्षण के चलते यह सब हो रहा है।