रेखा आर्य बोलीं, 133 गांव में केवल बालक ही नहीं; बालिकाएं भी जन्मीं रेखा
महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्य का कहना है कि उत्तरकाशी के जिन 133 गांवों में केवल लड़कों के पैदा होने की बात सामने आ रही थी वह गलत साबित हुई है।
By Edited By: Published: Mon, 29 Jul 2019 09:34 PM (IST)Updated: Tue, 30 Jul 2019 02:34 PM (IST)
देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तरकाशी के जिन 133 गांवों में केवल लड़कों के पैदा होने की बात सामने आ रही थी, वह गलत साबित हुई है। महिला सशक्तीकरण और बाल विकास विभाग की ओर से कराए गए सर्वे में यह बात सामने आई है कि इन गांवों में 62 लड़कियां भी पैदा हुई हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूर्व में जारी आंकड़ों पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, इस रिपोर्ट के बाद महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य ने उत्तरकाशी के आंगनबाड़ी केंद्रों में किसी प्रकार के लिंग परीक्षण और भ्रूण हत्या के किसी प्रयास की घटना की आशंका से साफ इन्कार किया है।
उत्तरकाशी के 133 गांवों में केवल बालकों के ही जन्म लेने संबंधी स्वास्थ्य विभाग की एक रिपोर्ट से प्रदेश में हड़कंप मच गया था। अंदेशा जताया गया कि संभवतया लिंग परीक्षण के बाद लोग कन्याओं के जन्म पर रोक लगाने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला सशक्तीकरण और बाल विकास विभाग ने इन 133 गांवों में गर्भवती और धात्री महिलाओं के साथ ही तीन माह की अवधि में जन्म लिए बच्चों का आंकड़ा तलब किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने विस्तृत सर्वे के बाद यह आंकड़ा विभाग को उपलब्ध कराया है। ये आंकड़े इन 133 गांवों में स्थापित 158 आंगनबाड़ी केंद्रों के हैं।
इन आंकड़ों के अनुसार इन गांवों में 160 बालक व 62 बालिकाओं समेत कुल 222 बच्चों ने जन्म लिया है। पूर्व में स्वास्थ्य विभाग के सर्वे के मुताबिक इन गांवों में 216 बालक ही जन्में थे। अब इस नई रिपोर्ट से स्वास्थ्य विभाग के सर्वे को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य ने कहा कि इस रिपोर्ट से साफ है कि इन गांवों में बालिकाएं भी पैदा हुई हैं। इससे भ्रूण परीक्षण और भ्रूण हत्या के आशंका निर्मूल साबित हुई है। आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती और धात्री महिलाओं का पूरा ध्यान रखा जाता है।
ये है 133 गांवों की ब्लॉकवार रिपोर्ट
ब्लॉक-केंद्र-बालक-बालिकाएं-कुल
भटवाड़ी-29- 24 -12-36
डुंडा-27-44-12-56
चिन्यालीसौड़-25-22-08-30
नौ गांव-29-33-19-52
पुरोला-14-1-02-13
मोरी-34-26-09-35
योग-158-160-62-222
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें