यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Raksha Bandhan 2022: रक्षाबंधन को लेकर बाजार में बढ़ी रौनक, एक से बढ़कर एक आकर्षक राखियां से सजी दुकानें
Raksha Bandhan 2022 बाजारों में रक्षाबंधन को लेकर रंग-विरंगी और आकर्षक राखियों की दुकानें सज गई हैं। रक्षाबंधन के पर्व ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, विकासनगर (देहरादून): रक्षाबंधन (Raksha Bandhan 2022) के पर्व को लेकर पछवादून के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दुकानों पर एक से बढ़कर एक आकर्षक राखियां सजी हुई हैं।
ज्वेलर्स की दुकानों में भी चांदी की राखियां
इन दिनों में बाजार में सामान्य दिनों के मुताबिक ज्यादा भीड़ दिखाई दे रही है। दुकानों पर उपहार के गिफ्ट पैक भी आ गए हैं। ज्वेलर्स की दुकानों में भी चांदी की राखियां बिक रही हैं। जिनके डिजाइन सभी को आकर्षित कर रहे हैं।
बाजारों में इस बार रुद्राक्ष की राखियां
विकासनगर, डाकपत्थर, हरबर्टपुर, सेलाकुई, सहसपुर आदि बाजारों में इस बार रुद्राक्ष की राखियां ज्यादा सजी हैं। हल्की व आकर्षक लगने वाली राखियां बहनों को ज्यादा पसंद आ रही हैं।
कार्टून पात्रों वाली भी है राखी
बहने अपने छोटे भाइयों के लिए कार्टून पात्रों के फोटो वाली और बड़ों के लिए रेशम के धागों की आकर्षक राखियां खरीद रही हैं। एक समय था जब भारी भरकम राखियां चलन में थी, लेकिन ऐसी राखियां इस बार बाजार से गायब हैं।
10 से दो सौ रुपये तक की राखियां
देखने में सुंदर व हल्की राखियों को खरीदने पर ज्यादा तरजीह दी जा रही है। बाजार में दस रुपये से लेकर दो सौ तक की राखियां उपलब्ध हैं। राखियों के पर्व को लेकर बाजार में रौनक बढ़नी शुरू हो गई है।
चांदी की राखी दो सौ रुपये से शुरू
नगर के ज्वेलर्स मंदीप सिंह का कहना है कि इस बार चांदी की राखियां भी बेहद पसंद की जा रही हैं, जो दो सौ रुपये से लेकर ढाई हजार तक के बीच में हैं।
बहनों को निश्शुल्क यात्रा का उपहार
सरकार ने रक्षा बंधन के दिन बहनों को बसों में निश्शुल्क यात्रा का उपहार दिया है। सरकार ने प्रदेश की सभी महिलाओं को प्रदेश के भीतर संचालित होने वाली परिवहन निगम की बसों के किराये में शत-प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है।
प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिवर्ष रक्षा बंधन पर्व पर प्रदेश की सभी बहनों को परिवहन निगम की बसों में निश्शुल्क यात्रा कराई जाती है। परिवहन निगम को आने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति प्रदेश सरकार करती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गुरुवार को सचिव परिवहन अरविंद सिंह ह्यांकी ने इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश में उल्लेख है कि परिवहन निगम की बसें इस दिन सभी महिलाओं को निश्शुल्क यात्रा कराएंगी।
