सांसद बलूनी ने दिया केंद्र से हर संभव मदद का भरोसा
उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य और भाजपा के मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने उत्तरकाशी और चमोली सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में अतिवृष्टि की सूचनाओं पर चिंता जताई है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य और भाजपा के मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने उत्तरकाशी और चमोली सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में अतिवृष्टि की सूचनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह से राज्य में हो रही अतिवृष्टि और आपदा के संबंध में फोन पर जानकारी मागी।
सांसद बलूनी ने कहा की प्रदेश सरकार द्वारा जो भी सहयोग केंद्र से मागा जाएगा, वह प्रदान किया जाएगा। सोशल मीडिया में चल रहे आपदा के समाचार और वीडियो भयावह और डरावने हैं। ऐसी स्थिति में सबसे पहली प्राथमिकता जन, धन और पशुधन की की रक्षा करना है। उत्तराखंड में बरसात के समय नालों के उफान पर आने, नदियों का जलस्तर बढ़ने और बादल फटने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।
बलूनी ने कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव से जानकारी मागी है और कहा कि वर्तमान हालात में केंद्र सरकार से जो सहायता राज्य को चाहिए, वह तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मौसम के आकलन, नदियों के स्वभाव व जल स्तर के आधार पर अध्ययन किया जाना चाहिए ताकि नदी और नालों के किनारे रहने वाली आबादी को समय समय पूर्व सूचित किया जा सके।