पूर्व दर्जाधारी राजेंद्र शाह ने कांग्रेस के पूर्व विधायकों के खिलाफ खोला मोर्चा
कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस के राज्य कार्यक्रम समन्वयक व पूर्व दर्जाधारी राजेंद्र शाह ने पूर्व विधायकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
देहरादून, [जेएनएन]: राजीव भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस के राज्य कार्यक्रम समन्वयक व पूर्व दर्जाधारी राजेंद्र शाह ने पूर्व विधायकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मौका देख रुष्ट कई कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस कार्यालय में हंगामा होते देख जमावड़ा लग गया।
निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के बीच मौजूद राजेंद्र शाह ने आरोपों की झड़ी लगा दी। कहा कि प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सभी विधायकों को निर्देशित किया है कि वह वार्ड के उसी व्यक्ति को उम्मीदवार बनाएं, जो वार्ड का मूल निवासी हो। लेकिन, कुछ पूर्व विधायक मनमर्जी से बाहरी लोगों को वार्ड में दावेदार बना रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी उनकी शिकायत पर अमल नहीं करेगी तो वह राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से इसकी शिकायत करेंगे। कहा कि पार्टी में भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा। डैमेज कंट्रोल में जुटे धस्माना पूर्व विधायकों के सरेआम खुले विरोध पर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना डैमेज कंट्रोल में जुट गए।
निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में राजेंद्र शाह के विरोध को वह यह कहकर टाल गए कि कांग्रेस लोकतांत्रित पार्टी है, यहां अपनी बात रखने का सबको अधिकार है। शाह ने जो मामला उठाया, उसपर अमल किया जाएगा।
सूर्यकांत धस्माना ने मामले को तूल न देते हुए कहा कि राजेंद्र शाह ने पूर्व विधायकों का विरोध करने के साथ यह भी कहा कि वह कभी भी कांग्रेस को नहीं छोड़ेंगे। इससे उनकी पार्टी के प्रति समर्पण भावना दिखाई देती है।
टिकट आवंटन पर प्रभुलाल खफा
विधानसभा चुनाव में रायपुर से पार्टी प्रत्याशी रहे प्रभुलाल बहुगुणा ने भी निकाय चुनाव में टिकट आवंटन पर गहरी नाराजगी जताई और इसकी शिकायत करने की बात कही। कांग्रेस भवन में समर्थकों के साथ पहुंचे प्रभुलाल बहुगुणा ने कहा कि उनके विस क्षेत्र में 27 वार्ड पड़ते हैं। अधिकतर वार्डो में प्रत्याशियों के चयन को लेकर उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना से की।
यह भी पढ़ें: यूकेडी ने जारी की महापौर प्रत्याशियों की सूची, सपा ने भी उतारे प्रत्याशी
यह भी पढ़ें: बसपा ने दो निगमों समेत 20 निकायों में घोषित किए प्रत्याशी