दो दिसंबर से चलेगा जनयोजना अभियान, अंतोदय सर्वे और जीपीडीपी प्लान होगा तैयार
दो दिसंबर से सबका साथ सबका विकास जनयोजना अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अंतोदय सर्वे और जीपीडीपी प्लान तैयार किया जाएगा।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में दो दिसंबर से 'सबका साथ, सबका विकास' जनयोजना अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अंतोदय सर्वे और जीपीडीपी प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें मिशन अंतोदय सर्वे एप से राज्य की समस्त ग्राम पंचायतों का सर्वे कार्य किया जाएगा। सर्वे से मिली गैप रिर्पोट को ग्राम सभा की खुली बैठकों में रखते हुए गैप पूर्ति के लिए पंचायती राज विभाग ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करेगा।
सचिवालय में शुक्रवार को जीपीडीपी अभियान की बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता करते हुए प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास मनीषा पंवार ने ब्लॉक स्तर पर ग्राम प्रधानों की ओरिएंटेशन कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना में उन्हीं कार्यों के प्रस्ताव किए जाएं, जो संबंधित विभागों के मानकों के अंतर्गत आते हों। अभियान में सीएसआर में काम कर रही संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाए। हर घर को नल से जल की आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में बताया गया कि पहले यह अभियान दो अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलाया जाना था, लेकिन त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की आदर्श आचार संहिता के कारण अब ये अभियान दो दिसंबर से दो मार्च, 2020 तक संचालित किया जाएगा। सभी गतिविधियों को अभियान के तौर पर संचालित किया जाएगा और गतिविधियों की फोटोग्राफी, विडियोग्राफी और अभिलेखीकरण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। योजना के वेब पोर्टल www.gpdp.nic.in/missionantodaya.nic.in पर प्रतिदिन अपलोड किया जाएगा।
सर्वे कार्य प्रारंभ करने से पहले ग्राम पंचायत वार, सर्वेकर्ता की टीम तैयार कर मिशन अंतोदय मोबाइल एप का प्रशिक्षण दिया जाना अनिवार्य होगा। विकासखंड सर्वेकर्ताओं का चयन करेगा। सर्वेकर्ता के रूप में सीआरपी/जीआरएस/बीएफटी और उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्रों का चयन किया जा सकता है।
सर्वे कार्य नियत समय में पूर्ण करना और सर्वे डाटा को मोबाइल एप से डाउनलोड कर सर्वे रिपोर्ट की प्रतिलिपि को ग्राम सभा की खुली बैठक में अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। सर्वे रिपोर्ट में ग्राम सभा जरूरत के अनुसार संशोधन कर सकती है। ग्राम सभा से अनुमोदित सर्वे रिपोर्ट को सर्वेकर्ता मिशन अन्त्योदय पोर्टल पर त्रुटिरहित अपलोड कराना सुनिश्चित करेंगे। सर्वे से पहले सभी ग्राम पंचायतों और उनमें सम्मिलित राजस्व ग्राम का एलजीडी कोड मैपिंग करना अनिवार्य होगा।
वहीं, जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सभी विभागों के साथ बैठक करके अभियान के लिए जनपद का आइइसी प्लान तैयार किया जाएगा, जिसका व्यय संबंधित विभागीय योजनाओं क आइइसी मद से नियमानुसार और अनुमन्यता के आधार पर किया जाएगा।
सभी रेखीय विभागों को सर्वे के दौरान सर्वेकर्ता को अपने विभाग से संबंधित वांछित डाटा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। सभी रेखीय विभाग इस अभियान के लिए ग्राम सभा स्तर पर फ्रंटलाईन वर्कर नामित किए जाएंगे, जो ग्राम सभा के सर्वे में सहयोग और ग्राम सभा की बैठकों में प्रतिभाग करेगा।
अभियान के दौरान ग्राम सभा की बैठकों में मिशन अंतोदय सर्वे में सहयोग करने के लिए ग्राम पंचायतों के लिए एक फेसिलिटेटर नामित किया जाएगा, जो सीआरपी या ट्रेंड सोशल ऑडिटर या अन्य कोई उपयुक्त व्यक्ति हो सकता है।
यह भी पढ़ें: सरकार ने कुंभ मेले के लिए 402 करोड़ की धनराशि अनुमोदित की
मिशन अंतोदय सर्वे प्रारूप में ग्राम पंचायत में उपलब्ध आधारभूत संरचना, ग्राम पंचायत के आर्थिक विकास और सामाजिक न्याय और ग्रामीणों को प्रदान की जा रही सेवाओं और अनुसूची 11 में अंकित 29 विषयों से संबंधित बिंदुओं पर सर्वे कार्य किया जाना है। सभी रेखीय विभाग जीपीडीपी में प्रस्तावित कार्यों को अनिवार्य रूप से अपने विभागीय वार्षिक कार्ययोजना में सम्मिलित किया जाएगा। ग्राम पंचायत को अंतरित अनुसूची 11 में वर्णित 29 विषयों से संबंधित विभागों के कार्मिकों और फ्रंटलाइन वर्कर की मिशन अंतोदय सर्वे और ग्राम सभा की बैठकों में उपस्थित अनिवार्य होगी।
यह भी पढ़ें: ग्रोथ सेंटर योजना के 15 प्रस्तावों को दी गई स्वीकृति