देहरादून: पिटकुल में 23 कार्मिकों को मिला पदोन्नति का तोहफा, दो कार्मिकों को वित्तीय स्तरोन्नयन का लाभ
पिटकुल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के अनुमोदन के बाद 23 कार्मिकों को पदोन्नति और दो को वित्तीय स्तरोन्नयन का ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पिटकुल के 23 कार्मिकों को मिली पदोन्नति की सौगात
दो कार्मिकों को वित्तीय स्तरोन्नयन का लाभ भी मिला
एमडी पीसी ध्यानी ने लक्ष्य हासिल करने की नसीहत दी
जागरण संवाददाता, देहरादून। प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के अनुमोदन के बाद पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के कार्मिकों को पदोन्नति का तोहफा मिला है। परिचालकीय और लिपिकीय संवर्ग के 23 कार्मिकों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इसके अलावा एक आशुलिपिक श्रेणी-तृतीय और एक ड्राफ्ट्समैन को उनकी अनुमन्यता की तिथि से वित्तीय स्तरोन्नयन स्वीकृत किया गया है।
पदोन्नति के लिए गठित समितियों की संस्तुति के आधार पर मानव संसाधन एवं प्रशासनिक विभाग ने परिचालकीय संवर्ग के 20 पदों पर पदोन्नति आदेश जारी किए। इनमें श्रमिक से कुशल श्रमिक के तीन, कुशल श्रमिक से तकनीशियन ग्रेड-द्वितीय (लाइन) के पांच, श्रमिक/कुशल श्रमिक से तकनीशियन ग्रेड-द्वितीय (विद्युत) के तीन व तकनीशियन ग्रेड-द्वितीय (लाइन) से तकनीशियन ग्रेड-प्रथम (लाइन) के नौ पद शामिल हैं।
परिचालकीय संवर्ग के 20 और लिपिकीय संवर्ग के तीन कार्मिक पदोन्नत
लिपिकीय संवर्ग के तीन कार्मिकों को भी पदोन्नति मिली है। इनमें कार्यालय अधीक्षक विशेष श्रेणी से प्रशासनिक अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक प्रथम से कार्यालय अधीक्षक विशेष श्रेणी व कार्यालय अधीक्षक द्वितीय से कार्यालय अधीक्षक प्रथम के एक-एक पद शामिल हैं। इसके साथ ही वित्तीय स्तरोन्नयन समिति की संस्तुति के आधार पर एक ड्राफ्ट्समैन और एक आशुलिपिक श्रेणी-तृतीय को वित्तीय स्तरोन्नयन का लाभ दिए जाने के आदेश जारी किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- मसूरी में मेडिकल स्टोरों पर छापा: एक्सपायर दवाएं और फार्मासिस्ट नदारद, तीन की बिक्री रोकी
कार्मिकों को दी लक्ष्य हासिल करने की नसीहत
प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने पदोन्नति और वित्तीय स्तरोन्नयन पाने वाले सभी कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व, मुख्य सचिव एवं पिटकुल अध्यक्ष आनंद बर्द्धन व प्रमुख सचिव (ऊर्जा) डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम के मार्गदर्शन में पिटकुल निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने सभी कार्मिकों से पूरी निष्ठा और टीम भावना के साथ काम करते हुए निगम के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में शत-प्रतिशत योगदान देने की अपेक्षा की।
