खुशखबरी: उत्तराखंड के 17 सरकारी डिग्री कॉलेजों को मिले मुखिया
उत्तराखंड के 17 सरकारी डिग्री कॉलेजों को मुखिया मिल गए हैं। सरकार ने डीपीसी से पदोन्नत हुए नौ डिग्री कॉलेज प्राचार्यो को पीजी कॉलेजों में इसी पद पर तैनाती दी है।
By Edited By: Published: Mon, 21 Jan 2019 09:48 PM (IST)Updated: Tue, 22 Jan 2019 04:06 PM (IST)
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश के 17 सरकारी डिग्री और पीजी कॉलेजों को नए मुखिया मिल गए। सरकार ने डीपीसी से पदोन्नत हुए नौ डिग्री कॉलेज प्राचार्यो को पीजी कॉलेजों में इसी पद पर तैनाती दी है। वहीं आठ एसोसिएट प्रोफेसरों को डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य पद पर पदोन्नत करते हुए तैनाती की गई है। अधिकतर प्राचार्यों को पदोन्नति के बाद दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में भेजा गया है।
बीती 28 दिसंबर को शासन स्तर पर राजकीय पीजी कॉलेज प्राचार्य के 12 और राजकीय स्नातक कॉलेज प्राचार्य के 23 पदों के लिए डीपीसी की गई थी। सरकारी डिग्री कॉलेजों में कार्यरत शिक्षक लंबे अरसे से प्राचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति की मांग कर रहे थे। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ धन सिंह रावत ने प्राचार्यो के रिक्त पदों पर डीपीसी करने के निर्देश दिए थे। डीपीसी के बाद नए पदोन्नत प्राचार्यों को तैनाती के आदेश अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रणवीर सिंह ने जारी किए।
गंगोलीहाट में प्राचार्य रहे डॉ सुशील कुमार गुरुरानी को पीजी कॉलेज लोहाघाट, डॉ हर्षवंती बिष्ट को पीजी कॉलेज उत्तरकाशी, डॉ संदीप कुमार शर्मा को पीजी कॉलेज नागनाथ पोखरी, डॉ सोहनलाल भट्ट को पीजी कॉलेज कोटद्वार, डॉ नर सिंह बिष्ट को पीजी कॉलेज हल्द्वानी, उच्च शिक्षा निदेशालय में उप निदेशक डॉ ललित प्रभा शर्मा को पीजी कॉलेज मानिला, डॉ सुनीता गुप्ता को पीजी कॉलेज स्याल्दे, डॉ प्रवीण जोशी को पीजी कॉलेज नारायणनगर में तैनाती दी गई है।
एसोसिएट प्रोफेसर डॉ लीला तिवारी को डिग्री कॉलेज पाबौ, डॉ सुषमा गुप्ता को डिग्री कॉलेज वेदीखाल, डॉ मीरा पांडेय को डिग्री कॉलेज चौखुटिया, डॉ पूर्णिमा भटनागर को डिग्री कॉलेज लमगड़ा, सुमन उप्रेती को डिग्री कॉलेज कांडा, डॉ रघुवरदत्त जोशी को डिग्री कॉलेज मुनस्यारी, डॉ नरोत्तम जोशी को डिग्री कॉलेज नैनीडांडा, डॉ यशोदा को डिग्री कॉलेज अगरोड़ा में प्राचार्य बनाया गया है। शासन ने नव पदोन्नत प्राचार्यो को सात दिन के भीतर नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें