जंगली जानवर बढ़ा रहे किसानों की समस्या
विकासनगर चांदपुर खुर्द में जंगली जानवरों के आतंक से किसान मुसीबत में हैं।
विकासनगर: चांदपुर खुर्द में जंगली जानवरों के आतंक से किसान मुसीबत में हैं। जंगल की सीमा से निकलकर किसानों के खेतों में आने वाले जानवर उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों ने मुख्य वन संरक्षक को पत्र लिखकर जंगली जानवरों से बचाव के लिए वन क्षेत्र की सीमा में सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की है।
संरक्षित वन क्षेत्र से सटे चांदपुर खुर्द में जंगली जानवर किसानों के लिए गंभीर समस्या बन रहे हैं। वन क्षेत्र की सीमा पर स्थित ग्रामीणों के खेतों में बोई जाने वाली फसलों को बंदर, हिरण व सुअर आदि जंगली जानवर निरंतर नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिससे किसान अधिक परेशान हैं। उनके सामने अपनी फसलों को जानवरों से बचाने का संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने मुख्य वन संरक्षक को पत्र लिखकर किसानों के नुकसान की रोकथाम के लिए उपाय किए जाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में गांव के पंचायत घर के आसपास के क्षेत्र में स्थित संरक्षित वन क्षेत्र की सीमा पर सुरक्षा दीवार बनवाए जाने की मांग की है। पत्र भेजने वालों में ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह, अशोक कुमार, यशपाल सिंह, राजेंद्र सिंह धीमान, सत्येंद्र कुमार, कंवर सिंह, उमराव सिंह, नवीन चंद, सुरेश कुमार, जीवन सिंह, मनोहर सिंह, बहादुर सिंह तोमर, चमनलाल, संजय कुमार, अशोक सिंह, बंशीलाल, विजय कुमार आदि शामिल हैं। (संस)