चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू, 11 मार्च को होगी अहम बैठक
उप जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा को लेकर बैठक की। इस दौरान बताया गया कि 11 मार्च को आयुक्त गढ़वाल मंडल सभी अधिकारियों और परिवहन संस्थाओं की बैठक लेंगे।
ऋषिकेश, जेएनएन। चार धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा की तैयारियां शुरू हो गर्इ हैं। 11 मार्च को आयुक्त गढ़वाल मंडल सभी अधिकारियों और परिवहन संस्थाओं की बैठक लेंगे। बैठक में उन्होंने संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि चार धाम यात्रा मार्ग पर संचालित होने वाली बसों की सूची वह परिवहन विभाग को सीकर उपलब्ध कराएं। इस दौरान इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि लोकल रूट के यात्री परेशान ना हो।
नगर निगम के सभागार में उप जिलाधिकारी प्रेम लाल ने मुख्य विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाकर तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस साल चार धाम यात्रा संचालन केंद्र बीटीसी सहित सभी प्रमुख स्थलों पर धामों का किराया अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषा में सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का फोटो मैट्रिक पंजीकरण करने वाली त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम एजेंसी का करार समाप्त होने के कारण अभी यह तय नहीं हो पाया है कि यात्रियों का पंजीकरण कौन करेगा।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि आयुक्त के स्तर पर इस विषय पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने नगर निगम, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, स्वास्थ्य विभाग सहित यात्रा से जुड़े सभी विभागों से अपनी तैयारी पूर्ण करने के लिए कहा। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक वीएस रावत, एआरटीओ डॉ अनिता चमोला, यात्रा प्रशासन संगठन के अनु सचिव एके श्रीवास्तव, गुरुद्वारा के प्रबंधक दर्शन सिंह, संयुक्त रोटेशन के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल, परिवहन निगम के कार्यालय प्रभारी विपिन चौधरी, उपखंड अधिकारी ऊर्जा निगम राजीव कुमार, यातायात परिवहन कंपनी के अध्यक्ष मनोज ध्यानी, रोटेशन प्रभारी मदन मोहन कोठारी, नगर निगम की कर अधीक्षक निसार अंसारी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: नौ मई को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, व्यवस्थाएं बनाना चुनौती
यह भी पढ़ें: मौसम की बेरुखी से केदारनाथ में निर्माण कार्यों पर अवरोध