प्रीतम सिंह बोले, मोदी सरकार ने जनता को किया गुमराह; होगा परिवर्तन
कांग्रेस ने एकबार फिर से भाजपा पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि भाजपा ने जनता को सिर्फ गुमराह किया है।
देहरादून, जेएनएन। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और टिहरी संसदीय सीट से प्रत्याशी प्रीतम सिंह ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जनता को गुमराह कर रही है। इसलिए इसबार टिहरी की जनता चुनाव में परिवर्तन करेगी।
टिहरी में कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह ने पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि न तो केंद्र सरकार ने युवाओं को रोजगार दिया और ना ही जनता के हित के लिए कोई कल्याणकारी योजनाएं चलाई। उत्तराखंड में भी भाजपा सरकार ने कोई उपलब्धि का कार्य नहीं किया है। प्रीतम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह पर आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद में सड़क से लेकर संसद तक कोई गंभीरता नहीं दिखाई।
भाजपा है जुमलेबाजों की सरकार
वहीं, रुड़की के भगवानपुर में कांग्रेस प्रत्याशी अमरीश कुमार ने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा जुमलेबाजों की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच साल से जनता का बेवकूफ बनाते आ रहे हैं।
भाजपा जनता को मुद्दों से भटकाने की कर रही है कोशिश
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने भी भाजपा को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ जुबानी दावे और घोषणाएं करती है। नोटबंदी और जीएसटी से जनता और व्यापारियों की कमर टूट चुकी है। जनता को मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता समझ चुकी है कि केवल कांग्रेस ने ही देश का सही विकास किया है। हम न्यूनतम रोजगार गारंटी और न्याय योजना के माध्यम से नौजवानों को रोजगार और संबल देंगे।
उन्होंने बताया कि छह अप्रैल को कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी का हरिद्वार में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके अलावा हरिद्वार में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, अंबिका सोनी, शत्रुघ्न सिन्हा आदि के कार्यक्रम लेने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: सीएम रावत बोले, गोमुख की तरह साफ होना चाहिए मुख्यमंत्री दफ्तर
यह भी पढ़ें: अतीत के आईने से: गंगा यात्रा से खत्म हुआ था इंदिरा का राजनीतिक वनवास