Positive India: भूख से बिलख रहा था चार महीने का बच्चा, मित्र पुलिस ने दिया अपने हिस्से का दूध
उत्तराखंड पुलिस को यूं ही मित्र पुलिस नहीं कहा जाता है। विपत्ति आने पर पुलिस दूसरों की मदद करने के लिए हर समय तत्पर रहती है।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड पुलिस को यूं ही मित्र पुलिस नहीं कहा जाता है। विपत्ति आने पर पुलिस दूसरों की मदद करने के लिए हर समय तत्पर रहती है। ऐसा ही एक मामला मंगलवार आधी रात 12 बजे देखने को मिला। रात को एक व्यक्ति घंटाघर के नजदीक परेशान होकर घूम रहा था। पुलिस ने जब उसे घूमने का कारण पूछा तो व्यक्ति ने रोते हुए बताया कि उसका चार महीने का बच्चा भूख से बिलख रहा है। वह हर तरफ घूमकर आ गया, लेकिन कहीं भी दूध नहीं मिल रहा है। यह सुनकर पुलिस तत्काल व्यक्ति को धारा पुलिस चौकी लेकर आई, जहां चौकी इंचार्ज शिशुपाल राणा ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने व्यक्ति को परेशान होने का कारण पूछा तो व्यक्ति ने बच्चे के भूख से बिलखने की बात दोहराई। चौकी इंचार्ज ने तुरंत अपने पास रखा डेढ़ किलो दूध, बिस्कुट और अन्य खाद्य सामग्री व्यक्ति को दे दी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए वह चौकी में ही खाते और सोते हैं। इसलिए सुबह चाय के लिए उन्होंने दूध रखा हुआ था। व्यक्ति की समस्या को देखते हुए वह दूध उसे दे दिया।
पीआरडी जवानों ने बनाए लंच पैकेट
प्रांतीय रक्षक दल संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद मंद्रवाल ने बताया कि संगठन ने जरूरतमंदों के लिए 2500 पैकेट लंच की व्यवस्था की। इन्हें मुख्य नगर अधिकारी और क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी के सहयोग से वितरित किया गया।
महिला की पीड़ा देख उसे घर तक पहुंचाया
कोरोनेशन अस्पताल से पति के साथ पैदल सहसपुर स्थित अपने घर जा रही एक बीमार महिला का दर्द पुलिस से देखा नहीं गया और पुलिस ने तुरंत वाहन मंगवाकर घर भिजवाया। कैंट थाने के प्रभारी संजय मिश्र ने बताया कि दिन में महिला दारोगा पिंकी पंवार किशनपुर चौक में तैनात थीं। किशनपुर चौक के समीप पुलिस टीम ने एक महिला को उसके पति द्वारा हाथ पकड़कर ले जाते हुए देखा। पुलिस टीम ने व्यक्ति से बात की तो व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब है। वह कोरोनेशन अस्पताल से खून चढ़ाकर आ रहे हैं। महिला दारोगा पिंकी पंवार ने वाहन की व्यवस्था कर महिला को उसके घर सहसपुर भिजवाया।
यह भी पढ़ें: Positive India: ऋषिकेश में निजी खर्च से जरूरतमंदों की भूख मिटा रही खाकी
पुलिस ने जरूरतमंदों को बांटी खाद्य सामग्री
यातायात पुलिस ने जगमोहन सिंह, मानवेंद्र सिंह, चेतन शर्मा के सहयोग से बसंत विहार स्थित मलिक चौक, मलिन बस्ती और जामुनवाला कैंट में जरूरतमंदों को राशन बांटा। एसपी ट्रैफिक प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि जरूरतमंदों के लिए राशन की किट तैयार की गई है। प्रत्येक किट में 10 किलो आटा, 5 किलो चावल, 2 किलो चीनी, 2 किलो दाल, एक लीटर तेल, एक पैकेट नमक, 700 ग्राम मसाले, टूथपेस्ट, हेयर ऑयल के अलावा नहाने और कपड़े धोने का साबुन है। उन्होंने कहा कि इस समय मानवता की सेवा के लिए सभी को एकजुट होकर मदद करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन जब तक रहेगा वह लोगों की हर संभव मदद करते रहेंगे।