यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कटोरानुमा दूनघाटी में लंबे समय तक रहता है प्रदूषण, दिल्ली जैसे हालात से बचने के लिए प्लान जरूरी
कटोरानुमा दूनघाटी में प्रदूषण लंबे समय तक रहता है। दिल्ली जैसे हालात से बचने के लिए अभी से प्रदूषण पर ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए दिल्ली में एक सप्ताह तक वर्क फ्राम होम लागू कर दिया गया है। यह समय दिल्ली से सबक लेने का है, क्योंकि दून के हालात दिल्ली की तर्ज पर निरंतर विकट होते दिख रहे हैं। इस दीपावली की ही बात करें तो यहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खराब स्थिति के मुताबिक 300 पार हो गया था। पिछली दीपावली पर भी यही स्थिति रही।
दीपावली के दिन जो प्रदूषण कण निकलते हैं, वह कई दिनों तक वायुमंडल में रहते हैं। वह इसलिए की दूनघाटी की भौगोलिक संरचना कटोरे के आकार की है। वायु प्रदूषण के जो भी कण पीएम-10 या पीएम-2.5 निकलते हैं, वह यहीं घूमकर हमें बीमार बनाने का काम करते हैं। दून में वायु प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए एक साल से अधिक समय पहले जो एयर एक्शन प्लान तैयार किया गया था, वह फाइलों में डंप पड़ा है। परिवहन, पुलिस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निगम, एमडीडीए आदि विभागों के माध्यम से इस दिशा में नियंत्रण के अभी तक कुछ भी ठोस प्रयास नहीं किए जा सके हैं।
यह स्थिति तब है, जब यहां पीएम (पार्टिकुलेट मैटर)-10 व 2.5 की मात्रा पहले ही मानक से अधिक रहती है। पीएम-10 100 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर होना चाहिए, जबकि यहां स्तर 200 पार रहता है। इसी तरह 60 के मानक वाला पीएम-2.5 भी 80 व 100 के करीब रहता है। समझा जा सकता है कि दून को वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए कितना काम करना है।अनूप नौटियाल (संस्थापक अध्यक्ष, सोशल डेवलपमेंट फार कम्युनिटीज फाउंडेशन) का कहना है कि दून में वायु प्रदूषण के सभी कारकों पर काम करने की जरूरत है। यदि समय रहते इस दिशा में कदम नहीं बढ़ाए गए तो हालात दिल्ली जैसे बनने में अधिक समय नहीं लगेगा।
