उत्तराखंड में जंगलों की आग पर नहीं थम रही है सियासत, पढ़िए पूरी खबर
उत्तराखंड के जंगलों में आग को लेकर शुरू हुई सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पर्यावरण प्रेमी अफवाहों में न आएं।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड के जंगलों में आग को लेकर शुरू हुई सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पर्यावरण प्रेमी अफवाहों में न आएं। आग की घटनाओं की चिंता में हम सब आपके साथ हैं। मुख्यमंत्री ने इस घटना को साजिश करार दिया। वहीं, जितिन प्रसाद के बाद कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम भी इसमें कूद गए। उन्होंने इस मामले को शीतयुद्ध करार देते हुए ट्वीट किया कि यह उत्तराखंड को भाजपा का झारखंड न बना दे।
बीते रोज सोशल मीडिया में उत्तराखंड के जंगलों में आग लगने की कई तस्वीरें तेजी से वायरल हुई थी। इस पर कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने इन तस्वीरों को ट्वीट कर प्रदेश भाजपा सरकार को निशाने पर लिया था। इस पर मुख्यमंत्री ने भी ट्वीट कर जितिन प्रसाद को दूसरे देशों की गलत और भ्रामक तस्वीरें सोशल मीडिया में न डालने की सलाह दी। इसके बाद जितिन प्रसाद ने ट्वीट किया कि ये तस्वीरें सही नहीं हो सकती लेकिन उत्तराखंड में जंगलों की आग की घटनाएं हो रही हैं।
वे उम्मीद करते हैं कि प्रदेश सरकार इस आग को कम से कम जानमाल के नुकसान पर काबू पा लेगी। इसी प्रकरण में मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की पुत्री आरुषि निशंक ने भी ट्वीट किया था।
गुरुवार को यह मामला शांत होता कि कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आरुषि निशंक के ट्वीट को उनका मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ शीत युद्ध की बात कहते हुए ट्वीट कर दिया। हालांकि, इस मामले में मीडिया द्वारा पूछे जाने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पर्यावरण प्रेमी इससे चिंतित हो गए थे।
ऐसा कुछ नहीं है, प्रदेश में भगवान की कृपा से आग की काफी कम घटनाएं हुई हैं। घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार भी इस बारे में चिंता कर रही है। गलत अफवाहों पर मुकदमा दर्ज कराने की बात पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सबके अपने काम होते हैं। वन विभाग को लगता है कुछ करना चाहिए तो वह करेगा। पुलिस भी इस मामले में अपना काम करेगी।
जंगल धधकने की झूठी खबर फैलाने पर मुकदमा
सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के जंगलों में आग लगने की झूठी सूचनाएं प्रसारित करने पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में देहरादून के वन क्षेत्रधिकारी मोहन सिंह रावत ने पुलिस को तहरीर दी थी। साइबर थाने के सीओ अंकुश मिश्र के अनुसार वन क्षेत्रधिकारी ने तहरीर में बताया कि कई दिनों से सोशल मीडिया पर उत्तराखंड में जंगल धधकने की झूठी खबरें प्रसारित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने भाजपा विधायक पर लगाया लॉकडाउन के उल्लंघन का आरोप Dehradun News
इससे न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तराखंड सरकार और विभाग की छवि धूमिल हो रही है। सोशल मीडिया पर दिखाई जा रही प्रदेश में जंगल धधकने की घटनाएं सही नहीं हैं। इन खबरों की पुष्टि सभी संबंधित वनाधिकारियों से करा ली गई है। सोशल मीडिया में जंगल की आग को लेकर चल रही अधिकतर सूचनाएं असत्य हैं और दिखाए जा रहे चित्र पुराने व प्रदेश से बाहर के हैं।
यह भी पढ़ें: जंगल पर सुलगी सियासत की आग, कांग्रेस नेता के पोस्ट से गर्माया मामला