पेड़ पर मांजे में फंसा परिंदा, पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान
लॉकडाउन के बीच मित्र पुलिस का मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। ऋषिकेश कोतवाली परिसर में एक परिंदा पेड़ में मांजे के जरिये फंसा हुआ था। पुलिस ने उसका रेस्क्यू किया।
ऋषिकेश, जेएनएन। लॉकडाउन के बीच मित्र पुलिस का मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। ऋषिकेश कोतवाली परिसर में एक परिंदा पेड़ में मांजे के जरिये फंसा हुआ था। वहां से निकलने के लिए वह फड़फड़ा रहा था। पुलिस ने करीब 45 मिनट तक रेस्क्यू आपरेशन चला उस परिंदे की जान बचाई। आजाद होते ही परिंदा आकाश में उड़ चला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली परिसर में नीम के एक पेड़ पर शनिवार सुबह एक परिंदा फंस गया। डाल पर मांझे में उसके पंख फंसे हुए थे। आस-पास मंडराते कौवे उस पर हमले की कोशिश कर रहे थे वहीं वह परिंदा फड़फड़ा कर अपनी जान बचाने में लगा हुआ था। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस कर्मियों की नजर उस पर पड़ गई। कुछ पुलिस कर्मियों ने पेड़ पर चढ़ने की कोशिश की भी, लेकिन कोई साधन न होने पर नहीं चढ़ पाए।
सूचना पर सीओ वीरेंद्र रावत और इंस्पेक्टर रितेश शाह मौक पर पहुंचे और परिंदे का रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। तुरंत नगर निगम से विद्युत विभाग की हाइड्रा वाहन मंगाया गया। करीब 45 मिनट तक चले इस आपरेशन में परिंदे को निकालने की कोशिश की गई, जो सफल रही। लकड़ी की डंडी के आगे चाकू बांध कर डाली को काटना शुरू किया गया। इस बीच मांझा कटा और यह परिंदा आसमान में उड़ गया। बता दें कि यह परिंदा ग्रे हॉर्नबिल (धनियर) था। जो कम ही नजर आते हैं।
यह भी पढ़ें: Positive India: ऋषिकेश में निजी खर्च से जरूरतमंदों की भूख मिटा रही खाकी