महिला का अधजला शव मिलने से सनसनी
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन चौकी अंतर्गत नीम बीच के जंगल में एक
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन चौकी अंतर्गत नीम बीच के जंगल में एक महिला का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सायं घास लेने जंगल में गई कुछ स्थानीय महिलाओं ने तपोवन पुलिस चौकी को जंगल में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना दी। जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां मार्ग से करीब तीन सौ मीटर भीतर जंगल में एक महिला का अधजला शव पड़ा हुआ था। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की उम्र 25 से 30 वर्ष के करीब है। महिला ने शूट-सलवार पहना है, प्रथम दृष्ट्या कपड़ों पर आग लगने से महिला झुलसी प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि महिला के हाथ में हरे रंग की चूड़ियां हैं, शव के निकट ही पांच चूड़ियां अलग रखी हुई मिली। उन्होंने बताया कि महिला के कपड़ों के भीतर 440 रुपये भी रखे मिले। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आसपास के पुलिस थानों में भी संबंधित महिला की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का पता करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
अधकटे शव की नहीं हो पाई पहचान
करीब डेढ़ सप्ताह पूर्व मुनिकीरेती थानाक्षेत्र में मिले अधकटे शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। यहां दर्शन महाविद्यालय के पीछे पुलिस ने 18 अक्टूबर को खंडहर में एक अधकटा शव बरामद किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ था कि शव को किसी धारदार हथियार या आरी से काटा गया था। करीब 25 वर्षीय युवक की अभी तक पुलिस शिनाख्त भी नहीं करा पाई है।