नमो होने का मतलब ही चहुंमुखी विकास : सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के लिए नमो होने का मतलब चहुंमुखी विकास है।
देहरादून, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में उमड़ी भीड़ और नमो से राज्य सरकार के कामकाज को पूरे अंक मिलने से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी गदगद हैं। रावत ने कहा कि उत्तराखंड से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव है और यह विकास में प्रदर्शित भी हुआ है। उत्तराखंड के लिए नमो होने का मतलब चहुंमुखी विकास है। यहां चल रहीं एक लाख पांच हजार करोड़ की परियोजनाएं इसकी तस्दीक करती हैं। रैली के बाद मुख्यमंत्री रावत ने दावा किया कि राज्य में भाजपा के पक्ष में जबर्दस्त माहौल है। लोकसभा की सभी पांचों सीटें जीतकर भाजपा इतिहास रचने जा रही है।
हर व्यक्ति का है यह चुनाव: मौजूदा सांसद एवं टिहरी से भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह ने कहा कि यह चुनाव हरेक व्यक्ति का है। उत्तराखंड का मान तभी बढ़ेगा, जब सभी मोदी को सफल बनाएंगे।
देवभूमि से पांच पांडव: कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि देवभूमि की पांचों लोकसभा सीटों से पार्टी प्रत्याशियों को पांच पांडव बताया और कहा कि ये सभी जीतने चाहिए।
मोदी बरगद के पेड़ की तरह: पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने सभा में में अपने संबोधन में उत्तराखंड को वीरभूमि, देवभूमि व ज्ञानभूमि बताया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बरगद के पेड़ की तरह हैं, जिसकी छांव में सभी सुरक्षित हैं।
अटल ने बनाया, मोदी रहे संवार: पूर्व मुख्यमंत्री एवं मौजूदा सांसद और हरिद्वार सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य बनाया और अब प्रधानमंत्री मोदी इसे संवार रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समेत पूरा देश मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने को एकजुट है।
यह भी पढ़ें: 35 मिनट में नमो ने कांग्रेस को किया असहज, करप्शन और ढकोसलापत्र पर निशाना