हरेला कार्यक्रम अस्कोट से आराकोट अभियान के तहत किया पौधारोपण
हरेला कार्यक्रम अस्कोट से आराकोट अभियान के तहत शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने श्री भारत मंदिर इंटर कॉलेज में पौधारोपण किया।
ऋषिकेश, जेएनएन। हरेला कार्यक्रम अस्कोट से आराकोट अभियान के तहत शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने श्री भारत मंदिर इंटर कॉलेज में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
रविवार को भारत मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री व विधानसभा अध्यक्ष ने आम, लीची व आंवले के पौधों का रोपण किया। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि पेड़-पौधे पूरी मानव जाति के कल्याण के लिए होते हैं। वह फल, छाया, औषधि और प्राणवायु देने वाला है। प्रकृति जितनी स्वस्थ रहेगी, जीवन उतना ही खुशहाल होगा। लॉकडाउन के दौरान प्राकृतिक स्वरूप बदला है, जिसे हमारा बखूबी महसूस किया है। हमने प्रकृति के साथ अन्याय किया है, यह हमाने लॉक डाउन के दौर में महसूस किया है। अब हमें हम प्रकृति का संरक्षण करना होगा।
हरेला कार्यक्रम का यह अभियान यही संदेश देता है। उन्होंने सभी से अपने बच्चों व अपने स्वजनों के जन्मदिन पर अवश्य एक पौधा रोपण करने का आह्वान किया।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने इस अभियान के लिए शिक्षा मंत्री को बधाई दी। इस दौरान निदेशक संस्कृत शिक्षा डॉ. एसपी खाली, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा पैन्यूली, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, शिव कुमार गौतम, डॉ. सुनील थपलियाल, सुमित पंवार, इंद्रकुमार गोदवानी आदि उपस्थित थे।
इकोग्रुप ने आईटीबीपी परिसर में पौधारोपण
इकोग्रुप देहरादून व आइटीबीपी द्वारा पौधारोपण रविवार को प्रात: नौ बजे से आइटीबीपी परिसर, सीमाद्वार में किया गया। जिसमें 150 फलदार पौधे रोपे गए। जिनमें अनार, आम आंवला, जामुन, अमरूद, शहतूत के अलावा गुलमोहर आदि लगाए गए। इस अवसर पर ईकोग्रुप से आशीष गर्ग, संजय भार्गव, भारत शर्मा, राकेश भारद्वाज, राकेश जुयाल, एके मेहता, एसबी गर्ग आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के जंगलों में पारिस्थितिकीय तंत्र पर मंडराया संकट, जानिए वजह
इस दौरान आइटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारियों में सेक्टर हेड क्वार्टर, सीमाद्वार देहरादून आइटीबीपी के नीलभ किशोर (आइपीएस) महानिरीक्षक उत्तरी सीमा आईटीबीपी, अपर्णा कुमार डिप्टी महानिरीक्षक, वीएलएन ठाकुर कमांडेंट उपस्थित रहें। इकोग्रुप देहरादून द्वारा जुलाई माह में पौधारोपण की मुहिम चलाई जा रही है। साथ ही कूड़ा प्रबंधन पर भी जागरूकता अभियान बड़े स्तर पर चलाए जा रहे है जो पर्यावरण को बचाए रखने में सहायक रहेंगे। आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इको ग्रुप को इस महत्वपूर्ण मुहिम के लिए धन्यवाद दिया गया और भविष्य में भी इसी प्रकार के अभियान चलाने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें: युवाओं को नहीं पौधारोपण के महत्व का भान, बुजुर्ग संभाले हुए हैं कमान