कामना की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद, घर के बाथरूम में छिपा रखी थी पिस्टल
कामना रोहिला की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल पुलिस ने बरामद कर ली है। पिस्टल को अशोक ने अपने घर में बाथरूम में छिपा रखा था।
देहरादून, जेएनएन। कामना रोहिला की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल पुलिस ने बरामद कर ली है। पिस्टल को अशोक ने अपने घर में बाथरूम में छिपा रखा था। पुलिस को दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने पिस्टल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। उधर, शुक्रवार रात से शनिवार भोर तक हुई पूछताछ के बाद नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अशोक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
कामना के पति अशोक रोहिला के शुक्रवार दोपहर श्री महंत इंदिरेश अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस उसे माता मंदिर रोड स्थित घर लेकर पहुंची। पहले से तैयार करीब साढ़े तीन सौ सवालों के साथ पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की तो कई सवालों का उसने गोलमोल जवाब दिया। लेकिन उन सवालों पर वह चुप्पी साधता रहा, जिनके पुलिस के पास तकनीकी साक्ष्य थे। पुलिस ने यह जानने की कोशिश की कि उसने इतनी खतरनाक साजिश क्यों रची।
इस पर उसने कामना के चरित्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसकी हरकतों की वजह से समाज में काफी किरकिरी हो रही थी और उससे लगने लगा था कि जल्द ही कामना को रास्ते से नहीं हटाया तो उसके लिए मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी। प्रापर्टी हथियाना और कामना के इंश्योरेंस की रकम से कर्ज उतारकर सुकून भरी जिंदगी गुजारने को भी उसने हत्या का अहम कारण बताया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि हत्या के बाद उसने पिस्टल बाथरूम के ऊपर बनी केबिन में छिपा रखी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद कर ली। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि पिस्टल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। कोर्ट में पेशी के बाद अशोक को भी जेल भेज दिया है।
चुरू पुलिस ने भेजी अज्ञात शव की डिटेल
रिंकू की हत्या में शामिल शूटर गौरव को लेकर नेहरू कॉलोनी पुलिस रविवार सुबह तक चुरू पहुंचेगी। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि चुरू पुलिस ने नवंबर और दिसंबर 2018 में मिले अज्ञात शवों का ब्योरा भेजा है। इसमें एक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि यह शव रिंकू का है। यदि कपड़ों आदि से उसकी पहचान नहीं हो पाती है तो उसका डीएनए सैंपल लेकर परिजनों से मिलान कराया जाएगा।
रिंकू की हत्या में इस्तेमाल गाड़ी बरामद
अशोक ने रिंकू को जिस कार से दीपक, गौरव व परवेज के साथ चुरू (राजस्थान) के लिए भेजा था, उसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पूछताछ में अशोक ने बताया कि रिंकू की हत्या में उसी की कार का इस्तेमाल हुआ था। हालांकि उसने पूर्व में पुलिस को बताया कि उसने रिंकू को राजस्थान ले जाने के लिए एक ट्रांसपोर्ट एजेंसी से कार बुक कराई थी।
क्राइम सीन भी दोहराया
पुलिस शुक्रवार रात अशोक को लेकर उसके घर पहुंची। यहां पुलिस ने 29 अगस्त की रात साढ़े ग्यारह बजे से लेकर 12 बजे तक के बीच हुए घटनाक्रम को दोहराया। सूत्रों की मानें तो पुलिस को इस दौरान कुछ और बातें पता चलीं, जिसके आधार पर तफ्तीश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: कामना हत्याकांड का खौफनाक सच, पति ने एक साल पहले ही लिख डाली थी पटकथा