उत्तराखंड में कंगना के समर्थन में सड़कों पर उतरे लोग, महाराष्ट्र सरकार का पुतला फूंका
फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के कार्यालय को तोड़े जाने पर उत्तराखंड में महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ लोग आक्रोशित हैं।
देहरादून, जेएनएन। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रानाउत पर शिवसेना नेता संजय राउत द्वारा अभद्र टिप्पणी किए जाने और उनका दफ्तर का एक हिस्सा तोड़े जाने से उत्तराखंड के लोग भी आहत हैं। प्रदेश के कई संगठन खुलकर इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। गुरुवार को हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने बुद्धा चौक पर संजय राउत के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर उनका पुतला फूंका। युवा वाहिनी ने महाराष्ट्र सरकार से राउत के खिलाफ सख्त कार्यवाई करने की मांग भी की।हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद वाधवा के नेतृत्व में वाहिनी के कार्यकर्ता बुद्ध चौक पर जुटे। वाहिनी के सदस्यों ने यहां पर संजय रावत और महाराष्ट्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वाधवा ने कहा कि बीएमसी ने कंगना के दफ्तर पर नहीं बल्कि संविधान पर हथोड़ा चलाया है। उन्होंने अभिनेत्री कंगना रनौत के सभी अधिकारों की रक्षा करेंने और कंगना को अपशब्द कहने वाले लोग के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने की मांग की। हिंदू युवा वाहिनी के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष जीतू रंधावा ने कहा कि शिवसेना सरकार के राज में महाराष्ट्र में लोकतंत्र की हत्या हो रही है इस गुंडाराज को खत्म करने के लिए सभी को आवाज उठाने की जरूरत है।विरोध जताने वालों में युवा वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष गणेश उनियाल, महानगर अध्यक्ष गौरव कन्नोजिया, महानगर सयोजक विशाल महाजन, महिला मोर्चा अध्यक्ष राधा धोनी, ज्योती वर्मा, मीनू आदि शामिल रहे।
वहीं, टिहरी के चंबा शहर में भी विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि सरकार का रवैया भेदभाव पूर्ण है जो सरकार की गलत नीतियों का विरोध कर रहा है उसके साथ इस तरह का व्यवहार करना निंदनीय है। गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता नगर के वीसी गबर सिंह चौराहे पर एकत्र हुए और पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार हमेशा क्षेत्रवाद की बात कर देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने का काम करती रही है।
इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरम सिंह तोपवाल ने कहा कि सरकार के इशारे पर बीएमसी द्वारा बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के कार्यालय को जिस तरीके से तोड़ा गया वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत देशहित की बात कर रही है इसलिए सभी को उसका साथ देना चाहिए और जो इस तरह की हरकतें कर रही है उनको भी मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए। पुतला दहन करने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष सुरम सिंह तोपवाल, बजरंग दल जिला संयोजक विनय तिवाड़ी, दर्शन लाल पोखरियाल, चंदन सिंह राणा, दिनेश भण्डारी, अजय रावत, विकास रावत, रमन गुसाई आदि मौजूद रहे।