पेयजल संकट पर भड़के क्षेत्रवासी, जल संस्थान के खिलाफ किया प्रदर्शन Dehradun News
मिट्ठी-बेहड़ी क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल की समस्या पर क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूटा। लोगों ने पंडितवाड़ी में प्रदर्शन किया। वहीं चुक्खूवाला में नया नलकूप चालू हो गया।
देहरादून, जेएनएन। मिट्ठी-बेहड़ी क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल की समस्या पर क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूटा। स्थानीय लोगों ने पंडितवाड़ी में प्रदर्शन किया। इस पर पेयजल निगम के अधिकारियों ने जल्द समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया।
करीब दर्जनभर क्षेत्रवासी पंडितवाड़ी स्थित जल संस्थान के नलकूप के पास पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। क्षेत्रवासियों ने बताया कि मिट्ठी-बेहड़ी में पिछले दो माह से पेयजल समस्या बनी हुई है। कभी लो प्रेशर रहता है तो कई बार आपूर्ति पूरी तरह ठप हो जाती है।
आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध नहीं लेते। मौके पर पहुंचे पेयजल निगम के जेई कुलदीप कुमार पहुंचे और क्षेत्रवासियों की समस्या सुनी। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में हरीश कुमार बिट्टू, सुनीता चौधरी, विशाल शर्मा, अंकित लोधी, आशीष, अतुल, संजय, सुनील, बबीता, धर्मा देवी, रतन, रोजी आदि शामिल थे।
चुक्खूवाला में अब नहीं होगी पेयजल किल्लत
चुक्खूवाला क्षेत्र में पानी की समस्या को दूर करने के लिए शिव मंदिर प्रांगण में नलकूप का निर्माण किया गया है। महापौर सुनील उनियाल गामा और क्षेत्रीय विधायक खजान दास ने नवनिर्मित नलकूप का लोकार्पण किया।
क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए सरकार की घोषणा के तहत चुक्खूवाला में 88.63 लाख रुपये की लागत से नलकूप का निर्माण किया गया। इसके लोकार्पण समारोह में राजपुर रोड विधायक खजान दास ने कहा कि टैगोर विला, चुक्खूवाला और इसके आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। क्षेत्रवासियों को अक्सर टैंकरों के माध्यम से जल की आपूर्ति की जा रही थी।
कहा कि स्वच्छ पेयजल के बिना स्वस्थ शरीर की परिकल्पना नहीं की जा सकती। अब इस क्षेत्र के लोगों को पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि सरकार के दृढ़ संकल्प से ही जन हित के कार्य तेजी से पूर्ण हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से नाराज ग्रामीण, जल संस्थान कार्यालय पर दिया धरना
विभागों को भी एक साथ मिलकर जनता की समस्याओं के निस्तारण की दिशा में कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता मनीष सेमवाल, सुनील शर्मा, हरीश डोरा, विजय थापा, उमा नरेश तिवाड़ी, हरीश नारंग, महेश गुप्ता, अजय तिवाड़ी, किशनलाल आहुजा आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: कृष्णा नगर कॉलोनी के वासियों की समस्या, एक बाल्टी पानी भरने में करना पड़ता घंटों इंतजार