कांग्रेस ने दी आक्रामक रुख की चेतावनी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय नेताओं को उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की स्थिति प्रवासियों निर्धनों श्रमिकों छोटे कारोबारियों व किसानों की दिक्कतें बताई।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय नेताओं को उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की स्थिति, प्रवासियों, निर्धनों, श्रमिकों, छोटे कारोबारियों व किसानों की दिक्कतें बताई। उधर, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने क्वारंटाइन केंद्र में सांप के काटने से बच्ची की मौत पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने चेतावनी दी कि क्वारंटाइन केंद्रों में लापरवाही बरती गई तो कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाने को बाध्य होगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत सभी प्रदेशों के अध्यक्षों, कांग्रेसशासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कोरोना संक्रमण की स्थिति और लॉकडाउन के चलते होने वाली परेशानी को लेकर वार्ता की। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ काग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंता प्रकट की। उन्होंने कहा कि सरकार इन मामलों के प्रति उदासीन है। पर्वतीय जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। वहा स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, राजेंद्र शाह, पीके अग्रवाल, नवीन जोशी, राजीव महर्षि, अजय सिंह, सुभाष चौधरी, लखपत बुटोला, गरिमा दसौनी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, दीवान सिंह तोमर, अमरजीत सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। उधर, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि क्वारंटाइन केंद्र में छोटी बच्ची की सांप के काटने से मौत की जिम्मेदारी शासन ओर प्रशासन को लेनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्वारंटाइन केंद्रों की हालत बदहाल है। प्रवासियों को पानी के लिए भी तरसना पड़ रहा है।