जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग बयानबाजी से बचें: प्रीतम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह बड़े नेताओं के पार्टी के खिलाफ मीडिया में बयानबाजी से खफा हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह बड़े नेताओं के पार्टी के खिलाफ मीडिया में बयानबाजी से खफा हैं। उन्होंने नसीहत दी कि जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को सार्वजनिक बयानबाजी और अनुशासनहीनता से बचना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के खिलाफ सभी को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी।
विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष करन माहरा ने बीते रोज हल्द्वानी में मीडिया से बातचीत में प्रदेश संगठन को निशाने पर लिया था। पूर्व महासचिव खजान पांडे और नैनीताल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मारुति शाह के निष्कासन पर रोष जताते हुए उन्होंने संगठन पर मनमानी और तानाशाही का आरोप लगाया था। यही नहीं उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति को भी निशाने पर लिया था। विधायक करन माहरा के इस रुख पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने संयत प्रतिक्रिया के साथ नसीहत भी दे डाली। मीडिया से बातचीत में माहरा का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को सीधे मीडिया से अपनी बात कहने से बचना चाहिए। बतौर प्रदेश अध्यक्ष वह पार्टी अनुशासन से बंधे हुए हैं। अनुशासन को किसी कीमत पर तोड़ा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में एकजुट होकर जीत हासिल की है। उत्तराखंड में भी भाजपा को हराने के लिए सभी को मिलजुलकर लड़ाई लड़नी होगी।