उत्तराखंड से उठ रही पुकार, राहुल गांधी संभालें अध्यक्ष पदभार
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी और पूर्व मुख्यमंत्री के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत चाहते हैं कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद राहुल गांधी संभालें।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस कमेटी और पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत चाहते हैं कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद राहुल गांधी संभालें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश संगठन की भावनाओं का इजहार करते हुए सोनिया गांधी को सोमवार को पत्र भेजा। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राहुल गांधी को पार्टी का भविष्य बताते हुए कहा कि राहुल के नेतृत्व में पार्टी 2024 में सत्ता में वापसी करेगी।
कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर मचे घमासान के बीच उत्तराखंड प्रदेश संगठन और प्रदेश के शीर्ष नेताओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी, दोनों में ही पूरी आस्था दिखाई। कांग्रेस महासचिव हरीश रावत सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बैठक में राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंपने के बारे में बड़ी सहमति उभरी है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी पार्टी की समय सिद्ध नेता हैं। कांग्रेस जब भी कमजोर पड़ी तो उन्होंने मजबूती से संबल दिया। बीते वर्ष खराब स्वास्थ्य के बावजूद उन्होंने पार्टी अध्यक्ष पद संभाला। उस वक्त तय किया गया था कि अगले छह महीनों में नए अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।
अब यह फैसला हुआ है कि आगामी छह माह के भीतर पार्टी सत्र बुलाएगी। यह सत्र डिजिटल या अन्य तरीके से बुलाया जा सकता है। हरीश रावत ने कहा कि मौजूदा दौर में राहुल का पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालना आवश्यक है। बेरोजगारी, महंगाई, आपसी सौहार्द जैसे मुद्दे देश के लिए चुनौती बने हैं।
यह भी पढ़ें: विधायक चैंपियन की भाजपा में वापसी, छह साल के लिए किया था निष्कासित; 13 माह में ही माफी
राहुल को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पहले हो चुका पारित
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में बीते माह प्रदेश उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और आनुषंगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों की बैठकों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन बैठकों में सर्वसम्मति से राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। प्रदेश के कांग्रेसजन चाहते हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद सोनिया गांधी या राहुल गांधी संभालें। इससे पार्टी दोबारा सुनहरे भविष्य की ओर से अग्रसर होगी।
यह भी पढ़ें: विधायक चैंपियन की भाजपा में वापसी, छह साल के लिए किया था निष्कासित; 13 माह में ही माफी