खत्म होगा इंतजार, उत्तराखंड कांग्रेस को इसी माह मिलेगी नई कमेटी
प्रदेश कांग्रेस का नई कार्यकारिणी के लिए इंतजार खत्म होने को है। नई दिल्ली में हुई बैठक में नई प्रदेश कमेटी के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस का नई कार्यकारिणी के लिए इंतजार खत्म होने को है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल के साथ प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह की नई दिल्ली में हुई बैठक में नई प्रदेश कमेटी के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कमेटी की घोषणा जल्द होगी।
प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी को लेकर इंतजार बेहद लंबा हो चला है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह दो साल से ज्यादा वक्त बगैर कार्यकारिणी के ही गुजार चुके हैं। हालत ये है कि अब पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का धैर्य जवाब देने लगा है।
नई कार्यकारिणी के गठन की उम्मीद में बीते रोज प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पार्टी नेता दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली में बीते गुरुवार को कांग्रेस हाईकमान की ओर से बुलाई गई बैठक में राष्ट्रीय महासचिवों, सचिवों, प्रदेश अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष समेत कई केंद्रीय नेताओं ने शिरकत की थी।
इस बैठक में भाग लेने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने शुक्रवार को प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह और अन्य केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि नई कार्यकारिणी के गठन के संबंध में प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव संगठन के बीच चर्चा हो चुकी है। इस पर जल्द फैसला होगा।
यह भी पढ़ें: पंचायत चुनाव को कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन पर मंथन Dehradun News
उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन राष्ट्रपति महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा। पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान तेज किया जाएगा। जिलों में प्रेरकों की नियुक्ति के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। मंदी और अर्थव्यवस्था की दोषपूर्ण नीतियों के खिलाफ कांग्रेसी प्रदेश में सड़कों पर उतरेंगे।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में नई कमेटी की उम्मीद में कांग्रेसियों ने दिल्ली में जमाया डेरा