भाजपा मंडलों का पैनल तय, जिला इकाइयों की तैयारी
मंडल से लेकर प्रदेश स्तर पर अध्यक्षों का चुनाव होने के बाद अब भाजपा मंडल व जिला इकाइयों के गठन की कवायद में जुट गई है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। मंडल से लेकर प्रदेश स्तर पर अध्यक्षों का चुनाव होने के बाद अब भाजपा मंडल व जिला इकाइयों के गठन की कवायद में जुट गई है। इस कड़ी में 221 मंडल इकाइयों के लिए पैनल तैयार कर लिए गए हैं, जबकि जिला इकाइयों के गठन की तैयारी चल रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मंडल व जिला कार्यकारिणियां गठित होने के बाद फरवरी में प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा के 251 सांगठनिक मंडल हैं, जिनमें से 221 के अध्यक्षों का चुनाव हो चुका है। इसी प्रकार सभी 14 सांगठनिक जिलों के अध्यक्ष के चुनाव के बाद हाल में प्रदेश अध्यक्ष भी चुने जा चुके हैं। अब मंडल से लेकर प्रदेश स्तर पर कार्यकारिणियों के गठन की कसरत प्रारंभ की गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पहले मंडल इकाइयां गठित होंगी। इसके लिए प्रवासी कार्यकर्ताओं के दौरे हो चुके हैं और वे मंडलों के लिए पैनल भी बना चुके हैं। अब प्रवासी कार्यकर्ता और जिलाध्यक्ष बैठक कर मंडल कार्यकारिणियों को अंतिम रूप देंगे। फिर प्रदेश नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद इनकी घोषणा कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: Citizenship Amendment Act: भाजपाइयों ने रैली निकालकर दी सीएए की जानकारी
सूत्रों ने बताया कि पार्टी की जिला इकाइयों के गठन के मद्देनजर भी कसरत शुरू की गई है। प्रत्येक जिला कार्यकारिणी में 66 पद रखे जाने हैं, जिनमें 22 महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाना है। इसी के दृष्टिगत जिलों के पैनल तय किए जाएंगे। इसकी तैयारियां चल रही हैं। सूत्रों ने बताया कि एक माह के भीतर मंडल व जिला इकाइयां गठित कर दी जाएंगी और फिर फरवरी के आखिर तक प्रदेश कार्यकारिणी भी गठित कर दी जाएगी। भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत पहले ही कह चुके हैं कि दो माह के भीतर प्रांतीय कार्यकारिणी का एलान कर दिया जाएगा। इसी के अनुरूप यह रणनीति तय की गई है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार में जुटेंगे उत्तराखंड भाजपा के दिग्गज