प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर बनाया जाए एक कंट्रोल रूम: सुबोध उनियाल
प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि जनपद के प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर एक कंट्रोल रूम बनाया जाए।
देहरादून, [जेएनएन]: प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में निदेशालय स्तरीय कृषि विभाग के समस्त अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें जनपद उधमसिंहनगर में बारिश के कारण हुई धान की फसलों के नुकसान के संबंध में चर्चा हुई।
बैठक में मंत्री द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद के प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर एक कंट्रोल रूम बनाया जाए, जिससे कभी भी अतिवृष्टि की दशा में सीधे न्याय पंचायत स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सके। साथ ही किसानों को फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलवाने की प्रकिया को त्वरित गति से निस्तारित करने के भी निर्देश दिए।
मंत्री ने दूरभाष पर कमिश्नर कुमाऊं मंडल एवं जिलाधिकारी उधमसिंहनगर को भी निर्देशित किया। कहा जिन क्षेत्रों में फसलों को नुकसान हुआ उन क्षेत्रों का दौरा कर कृषि एवं राजस्व विभाग मिलकर जल्द से जल्द नुकसान का आकलन तैयार करें, जिससे किसानों को संबंधित बीमा कंपनी द्वारा उनकी फसलों के नुकसान का मुआवजा समय पर दिया जा सके।
उनके द्वारा मुख्य कृषि अधिकारी उधमसिंहनगर से इस बात की भी जानकारी ली गई कि किन क्षेत्रों में अधिक नुकसान हुआ है, जिस पर मुख्य कृषि अधिकारी उधमसिंहनगर द्वारा मंत्री को जिले के खटीमा, जसपुर और गदरपुर क्षेत्र में अत्यधिक फसलों के नुकसान के संबंध में अवगत कराया। किसानों से अनुरोध किया गया है कि जलभराव की स्थिति में किसान तत्काल सम्बंधित जिले के मुख्य कृषि अधिकारी एवं सम्बंधित बीमा कंपनी को अवगत कराएं।
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, पैदल ट्रैक ध्वस्त होने से केदारनाथ यात्रा रोकी
यह भी पढ़ें: कोसी नदी ने शुरू किया भू कटाव, कई एकड़ उपजाऊ भूमि नदी में समाई