उत्तराखंड एनएसयूआइ अध्यक्ष के छह दावेदार
जागरण संवाददाता, देहरादून : उत्तराखंड एनएसयूआइ अध्यक्ष पद के छह दावेदार चुनावी मैदान में हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून : उत्तराखंड एनएसयूआइ अध्यक्ष पद के छह दावेदार चुनावी मैदान में हैं। इस ओर गढ़वाल और कुमाऊं मंडल से तीन-तीन युवाओं ने नामांकन भरे हैं। एनएसयूआइ संगठन के सात पदों के लिए गढ़वाल मंडल के छह जिलों से 55 उम्मीदवार मैदान में हैं। गुरुवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी हुई जिसमें सभी नामांकन वैध पाए गए। मतदान की तिथि इसी सप्ताह घोषित हो जाएगी।
एनएसयूआइ संगठन चुनाव के जेडआरओ देवेंद्र काल्टा ने बताया कि उत्तराखंड एनएसयूआइ अध्यक्ष पद के लिए गढ़वाल मंडल से मोहन भंडारी, स्वाति नेगी और ऊमा शंकर जबकि कुमाऊं मंडल से सचिन जलाल, दिपांशु वर्मा और नीमा कोठरी ने नामांकन भरे। इसके अलावा गढ़वाल मंडल से महासचिव के लिए छह और सचिव के लिए नौ युवा मैदान में हैं। जेडआरओ ने बताया कि एनएसयूआइ संगठन चुनाव के फार्म बुधवार को जमा किए गए थे, जिनकी गुरुवार को स्क्रूटनी हुई। बताया कि सभी फार्म वैध पाए गए है।
दून जिलाध्यक्ष के चार दावेदार
एनएसयूआइ दून जिला अध्यक्ष के लिए चार युवा मैदान में हैं जबकि महासचिव व सचिव के लिए छह-छह उम्मीदवार मैदान में है। हरिद्वार से अध्यक्ष पद के लिए एक, महासचिव के लिए तीन और सचिव के लिए एक मात्र युवा ने उम्मीदवारी जताई है। उत्तरकाशी से अध्यक्ष और महासचिव के लिए दो-दो युवाओं ने नामांकन पत्र भरे हैं। चमोली से अध्यक्ष और सचिव के लिए दो-दो प्रत्याशी मैदान में है, जबकि सचिव के लिए एक भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन नहीं कराया। पौड़ी से केवल अध्यक्ष पद के लिए दो नामाकंन पत्र भरे गए हैं। जबकि टिहरी से सिर्फ अध्यक्ष पद पर तीन युवाओं ने दावेदारी जताई है। रुद्रप्रयाग से अध्यक्ष पद पर दो, जबकि महासचिव और सचिव पद पर किसी ने भी दावेदारी नही जताई है। जेडआरओ ने बताया कि गढ़वाल मंडल से एनएसयूआइ संगठन प्रदेश के चार और जिला के तीन पदों के लिए कुल 55 उम्मीदवारों के बीच चुनाव के लिए मतदान होगा। मतदान में गढ़वाल मंडल से करीब पांच हजार सदस्य मतदान में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि वहीं सदस्य मतदान में भा ले सकेंगे जिन्होंने छह दिसंबर 2017 तक संगठन के ऑनलाइन सदस्यता फार्म भरे थे।