यदि आपको एडवेंचर पसंद है, तो ऋषिकेश की सैर बन सकती है यादगार; ले सकते हैं बंजी जंपिंग का लुत्फ
यदि आपको एडवेंचर पसंद है तो आपके लिए ऋषिकेश की सैर यादगार बन सकती है। यहां रिवर राफ्टिंग ट्रैकिंग और कैंपिंग के अलावा बंजी जंपिंग जैसी साहसिक गतिविधि रोमांच के शौकीन पर्यटकों को खूब लुभा रही है। उत्तर भारत का सबसे ऊंचा बंजी जंपिंग प्लेटफार्म आपका जोश बढ़ा देगा।
ऋषिकेश, दुर्गा नौटियाल। यदि आपको एडवेंचर पसंद है, रोमांच के साथ खतरों से आंख मिलाना आपका शौक है तो आपके लिए तीर्थनगरी ऋषिकेश की सैर यादगार बन सकती है। यहां रिवर राफ्टिंग, ट्रैकिंग और कैंपिंग के अलावा बंजी जंपिंग जैसी साहसिक गतिविधि रोमांच के शौकीन पर्यटकों को खूब लुभा रही है। उत्तर भारत का यहां सबसे ऊंचा बंजी जंपिंग प्लेटफार्म आपके जोश को और भी बढ़ा देगा।
बंजी जंपिंग के साथ आप यहां फ्लाइंग फॉक्स और जाइंट स्वींग जैसी साहसिक गतिविधि का भी लुत्फ उठा सकते हैं। यमकेश्वर के मोहनचट्टी में ऋषिकेश से महज 22 किलोमीटर दूर जंपिंग हाइट में बंजी जंपिंग, फ्लाइंग फॉक्स व जाइंट स्वींग की साहसिक गतिविधियां संचालित की जाती हैं।
यहां उत्तर भारत का सबसे ऊंचा (83 मीटर) बंजी जंपिंग व जाइंट स्वींग प्लेटफार्म मौजूद है। इस प्लेटफार्म के ठीक नीचे हेंवल नदी बहती है, जिसके ऊपर 83 मीटर की ऊंचाई से कूदना अपन आप में अलग ही रोमांच का अहसास कराता है।
यहां फ्लाइंग फॉक्स की गतिविधि भी संचालित की जाती है। घाटी से 120 मीटर की ऊंचाई पर करीब एक किलोमीटर लंबे प्लेटफार्म पर 140 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा को चीरने का रोमांच आसानी से सायद ही कहीं मिलेगा। कुल मिलाकर रोमांच के अनुभव के साथ छुट्टियां बितानी हों तो यह जगह आपके लिए सबसे खास है।
कैसे पहुंच सकते हैं यहां
मोहनचट्टी की दूरी ऋषिकेश से महज 22 किलोमीटर है, जो पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण करीब आधा या पौन घंटे में आसानी से तय हो जाती है। यहां तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग है, जहां दोपहिया व चौपहिया वाहनों की मदद से आसानी से पहुंचा जा सकता है। कंपनी भी अपनी बस सेवा ऋषिकेश से उपलब्ध कराती है।
दस वर्ष में 80 हजार पर्यटक लगा चुके हैं जंप
मोहनचट्टी में जंप इंन हाइट की शुरूआत वर्ष 2010 में की गई थी। स्थापना से अब तक 10 वर्षों में यहां से 80 हजार पर्यटक जंप कर चुके हैं। कम अवधि में यह एक बड़ी उपलब्धि है। जंप इन हाइट में मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है, जबकि वर्ष में 15 जुलाई से 15 सितंबर तक मानसून काल में भी यहां गतिविधियां बंद रहती हैं। कंपनी न्यूजीलैंड व आस्टेलिया के सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी गतिविधियों का संचालन करती है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड का पहला रामसर साइट आसन वेटलैंड विदेशी परिंदों से गुलजार
एडवेंचर प्रेमियों की पहली पसंद ऋषिकेश
वर्ष 2018 को केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने एडवेंचर ईयर के रूप में मनाया था। उस वर्ष केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के अध्ययन में यह बात सामने आयी थी कि ऋषिकेश बंजी जंपिंग और साहसिक पर्यटन के लिए देश में पहली पसंद है, जबकि एडवेंचर प्रेमियों की पसंद के मामले में गोवा दूसरे और केरल तीसरे स्थान पर रहा।