यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कागज में मार्ग पर दौड़ा रहे मोटर गाड़ी, धरातल पर काम अधूरा
साहिया कोठा बैंड पंजिया मोटर मार्ग का प्रथम चरण का कार्य विभाग ने एक साल पहले ही पूर्ण कर लिया जबकि धरातल पर काम पूरी तरह अधूरा है।

संवाद सूत्र, साहिया: कोठा बैंड पंजिया मोटर मार्ग का प्रथम चरण का कार्य विभाग ने एक साल पहले ही कागजों में पूरा कर दिया, लेकिन धरातल पर जगह-जगह निर्माण अधूरा पड़ा है। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि जब प्रथम चरण में कई कार्य अधूरे हैं तो फिर दूसरे चरण की शुरुआत विभाग कब करेगा यह बात तो बेमानी साबित हो रही है। पहले चरण में किए गए कार्य के बाद भी कई मार्ग खस्ताहाल है, लेकिन कागजों में इस पर मोटर दौड़ाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि एक साल पहले पीएमजीएसवाई कालसी ने सड़क सुधारीकरण कार्य कराया था, लेकिन उसी समय से जगह-जगह सुरक्षा दिवार तक अधूरी पड़ी हैं। हालत यह है कि जगह-जगह पत्थर और मलबा पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक साल बीतने के बाद भी डामरीकरण कार्य शुरू नहीं किया गया है, यदि कार्य पूर्ण हो जाता तो उन्हें आवागमन में आसानी होती। डामरीकरण के साथ-साथ अधूरे पड़े कार्य भी पूरे हो जाते। कोठा बैण्ड से पंजिया तक 17 किलोमीटर मार्ग का कटिग सुधारीकरण निर्माण कार्य किया गया है, जिसके लिए करीब 14 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, लेकिन अभी तक सुधारीकरण ही अधूरा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। इधर, नकदी फसलों का सीजन भी शुरू हो रहा है। किसान अपनी उपज मटर, टमाटर, अदरक मंडी तक पहुंचाते हैं, जिसमें उन्हें परेशानी उठानी पड़ेगी। मार्ग से कोठा, बुआर खेडा, ककाडी, कनबुआ, सकनी, पंजिया आदि गांवों के ग्रामीण सफर करते हैं। ग्रामीण कुंदन सिंह, वीरेंद्र सिंह, सरदार सिंह, सुल्तान सिंह, दलीप सिंह, धरम सिंह, खजान सिंह, मातबर सिंह, रणवीर सिंह आदि ने बताया कि पीएमजीएसवाई कालसी अधूरे पडे़ मार्ग निर्माण कार्य को कब शुरू करेगा इसका कोई जवाब नहीं है। उधर, पीएमजीएसवाई कालसी के अधिशासी अभियंता राजेंद्र टम्टा के अनुसार द्वितीय चरण के डामरीकरण के लिए केंद्र सरकार से स्वीकृत मिल गई है। डामरीकरण और प्रथम चरण के अधूरे पडे़ कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा।
