लोगों की प्यास बुझाने को लगाया हैंडपंप, देखरेख के अभाव में यह मलबे में दबा
देहरादून जिले के बरोटीवाला चौक पर क्षेत्रवासियों को पेयजल के लिए हैंडपंप लगाया गया था लेकिन देखरेख के अभाव में यह हैंडपंप लगभग जमीन में धंस गया है।
विकासनगर, जेएनएन। कई बार मांग करने के बाद जनता को राहत देने के लिए विभाग लाखों रुपये खर्च कर योजना का संचालन तो कर देता है, लेकिन रखरखाव के अभाव में कुछ समय बाद उसका लाभ लोगों को नहीं मिल पाता है। बरोटीवाला चौक पर क्षेत्रवासियों को पेयजल के लिए हैंडपंप लगाया गया था, लेकिन देखरेख के अभाव में यह हैंडपंप लगभग जमीन में धंस गया है। जिसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
विकासनगर की एक बड़ी आबादी क्षेत्र के दर्जनों गांवों का केंद्र माने जाने वाले बरोटीवाला चौक पर हैंडपंप लगाया गया था। जिससे विकासनगर, लांघा, जीवनगढ़ और सहसपुर, सेलाकुई, देहरादून तक आने जाने वाले लोगों की प्यास बुझाने में यह हैंडपंप काम आता था। लगाने के कुछ दिनों तक तो लोगों को इसका लाभ मिला। लेकिन कुछ समय बाद ही यह खराब हो गया।
बरोटीवाला निवासी संजय, दारा सिंह, संतवीर, सोनू, निसार अहमद, विनय कुमार आदि बताते हैं कि बरोटीवाला-जीवनगढ मार्ग निर्माण के समय सड़क से मलबा उठाकर हैंडपंप के आसपास जमा कर दिया गया। बरसात के दिनों में मलबा वहीं आस पास एकत्रित होता गया और हैंडपंप दबता चला गया। वहीं जमनीपुर ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह का कहना है कि विधायक निधि से दस साल पहले यह हैंडपंप लगा था, जिसकी जिम्मेदारी पेयजल निगम की है। इस संबंध में ग्राम पंचायत की ओर से कई बार प्रस्ताव बनाकर भेजे गए, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें: उत्तरकाशी में नहीं सुधरे शिक्षा व्यवस्था के हालात, पढ़िए पूरी खबर
यह भी पढ़ें: उपेक्षा से नाराज मसूरी के दर्जनभर गांव, चुनाव में करेंगे नेताओं का विरोध