अभिसूचना तंत्र की मजबूती को और अधिक प्रयास की जरूरत
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य में अभिसूचना तंत्र की मजबूती के लिए और अधिक प्रयासों की जरूरत बताई है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य में अभिसूचना तंत्र की मजबूती के लिए और अधिक प्रयासों की जरूरत बताई है। उन्होंने आंतरिक सुरक्षा के मद्देनजर आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और साइबर क्राइम की रोकथाम के लिए कारगर प्रयास करने की जरूरत पर भी बल दिया है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य एबी माथुर ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य में पुलिस सुदृढ़ीकरण, अभिसूचना तंत्र व साइबर सिक्योरिटी की मजबूती तथा आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत प्रदेश होने के नाते आंतरिक सुरक्षा की मजबूती राज्य व देशहित में है। उन्होने कहा कि तकनीकी रूप से दक्ष मानव संसाधन एवं अवस्थापना सुविधाओं की उपलब्धता से पुलिस के कार्यो को गतिशीलता मिलेगी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य एबी माथुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस संबंध में विभिन्न राज्यों में सेमीनार आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें पुलिस के अधिकारियों के अलावा विषय विशेषज्ञों, शिक्षा व सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के भी सुझाव लिए जा रहे हैं। पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा मजबूती प्रदान करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी, सचिव मुख्यमंत्री राधिका झा व एडीजी इंटेलीजेंस बी विनय कुमार भी उपस्थित थे।