मसूरी में जाम से मिलेगी मुक्ति: फास्टैग व्यवस्था से स्थानीय वाहनों को छूट
मसूरी नगर पालिका पर्यटन सीजन में लगने वाले जाम से राहत के लिए ईको टैक्स और माल रोड बैरियरों पर फास्टैग व्यवस्था लागू करने जा रही है।

नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी अपने कार्यालय में फॉस्टैग व्यवस्था से सबंधित बैठक लेते हुए।
HighLights
मसूरी में फास्टैग से जाम से मिलेगी राहत
स्थानीय पंजीकृत वाहनों को ईको टैक्स में छूट
राजस्व संग्रह में पारदर्शिता, कोल्हूखेत बैरियर चार लेन
संवाद सहयोगी, मसूरी। पर्यटन सीजन में लगने वाले लंबे जाम से राहत दिलाने के लिए नगर पालिका ने ईको टैक्स और माल रोड बैरियरों पर फास्टैग व्यवस्था लागू करने की कवायद तेज कर दी है।
व्यवस्था लागू करने से पहले पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, होटल व्यावसायियों, राजनीतिक दलों और शहर के गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर सुझाव लिए गए। अधिकांश लोगों ने फास्टैग व्यवस्था लागू करने पर सहमति जताई।
फास्टैग पर बनी सहमति
नगर पालिका कार्यालय में हुई बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रतिनिधियों ने फास्टैग की कार्यप्रणाली और उसके लाभों की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में निर्णय लिया कि स्थानीय नागरिकों को टैक्स में छूट देने के लिए उनके वाहनों का नगर पालिका में पंजीकरण कराया जाएगा।
पंजीकृत वाहनों को छूट
पंजीकृत वाहनों को छूट वाली सूची में शामिल किया जाएगा, जबकि बिना पंजीकरण वाले स्थानीय वाहनों से भी फास्टैग के माध्यम से शुल्क वसूला जाएगा। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि कोल्हूखेत ईको टैक्स बैरियर को चार लेन का बनाया जाएगा।
दोपहिया के लिए अलग लेन
इसमें मसूरी, टिहरी और उत्तरकाशी के स्थानीय वाहनों को ईको टैक्स से मुक्त रखा जाएगा। दोपहिया वाहनों के लिए अलग लेन होगी, जहां मैनुअल शुल्क लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि फास्टैग व्यवस्था लागू होने से राजस्व संग्रह में पारदर्शिता आएगी और बैरियरों पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
यूके-09 और 10 को राहत
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि यूके-09 और यूके-10 पंजीकरण वाले टिहरी और उत्तरकाशी के वाहनों के लिए भी विशेष पास की व्यवस्था की जाएगी।
बाहरी वाहनों से शुल्क
स्थानीय और पर्यटक वाहनों के लिए अलग-अलग लेन बनाने का सुझाव भी बैठक में सामने आया। माल रोड बैरियरों पर भी स्थानीय वाहनों को छूट दी जाएगी, जबकि बाहरी वाहनों से निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।
बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, जसबीर कौर, रणवीर कंडारी, अमित भट्ट, विशाल खरोला, पंकज खत्री, पवन थलवाल, सचिन गुहेर, शिवानी भारती, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, गौरव गुप्ता, भरत सिंह चौहान सहित नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।
