मसूरी आने वाले सैलानी ध्यान दें! अब इन दो जगहों पर फास्टैग से कटेगी एंट्री फीस
मसूरी के इन दो बैरियर पर अब फास्टैग से प्रवेश शुल्क लिया जाएगा, जिससे पर्यटकों को नकदी के झंझट से ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर कोल्हूखेत ईको शुल्क बैरियर तथा मालरोड एंट्री के लाइब्रेरी चौक तथा पिक्चर पैलेस स्थित बैरियर पर जल्द फास्टैग से प्रवेश शुल्क लिया जाएगा।
इससे बाहर से आने वाले पर्यटकों को नकदी के झंझट से मुक्ति मिलेगी। साथ ही आवागमन भी सुगम हो जाएगा। इस व्यवस्था को लेकर मसूरी नगर पालिका और एनएच अधिकारियों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
हो गया एमओयू
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी लिमिटेड के मुख्य परिचालन अधिकारी को फास्टैग सेवा शुरू करने को लेकर पत्र लिखा गया था। बताया कि मुख्य परिचालन अधिकारी एआर चित्रांशी को लिखे पत्र में कहा गया था कि मालरोड के पिक्चर पैलेस व लाइब्रेरी एवं कोल्हूखेत ईको बैरियर पर फास्टैग लगाया जाए, ताकि बैरियर पर टोल संग्रहण प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके। इससे भीड़ पर भी नियंत्रण रहेगा। जिस पर एमओयू हो गया है।
कंपनी से कहा गया है कि वह साइट सर्वे व तकनीकी निरीक्षण कर समाधान प्रदाताओं के चयन और आनबोर्डिंग के लिए निविदा तैयार कर लें। इसके बाद बुनियादी ढांचे सहित डिजाइन तैयार करते हुए प्राप्त निविदाओं का तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन किया जाएगा। प्रणाली लागू करने वाले वेंडर का चयन एवं अनुबंध के साथ परियोजना की निगरानी पालिका की ओर से की जाएगी। उन्होंने बताया कि कंपनी से मांग की गई है कि शीघ्र फास्टैग प्रणाली को शुरू कर दिया जाए।
वर्तमान में माल रोड बैरियर पर चौपहिया वाहन से 150 रुपये, दोपहिया वाहन से 100 रुपये, व्यावसायिक चौपहिया से 300 रुपये और रात में प्रवेश करने वाले ट्रक आदि से 500 रुपये प्रवेश शुल्क लिया जाता है। इसके अलावा कोल्हू खेत ईको शुल्क बैरियर पर बस, ट्रक से 180, मेटाडोर से 120, कार से 60 और दोपहिया वाहन से 12 रुपये शुल्क लिया जा रहा है।
