उत्तराखंड में हड़ताल पर रहे दस हजार निकाय कर्मी, कामकाज ठप; जानिए क्या हैं मांगें
आज सोमवार को प्रदेश के समस्त ननगर निकाय कर्मचारी अपने मांगों को लेकर एक दिन की हड़ताल पर रहे। इस दौरान नगर विकास कर्मचारी महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती तो वे 20 सितंबर से बेमियादी हड़ताल पर जाएंगे।
जागरण संवाददाता, देहरादून। नगर निकाय कर्मियों की सामूहिक बीमा योजना के वर्ष 2014 से लंबित भुगतान को जल्द जारी करने व अन्य मांगों को लेकर प्रदेश के सभी नगर निकाय के लगभग दस हजार कार्मिक सोमवार को एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। इससे नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में कोई काम नहीं हुआ। मांगें नहीं माने जाने पर नगर विकास कर्मचारी महासंघ ने 20 सितंबर से प्रदेश में सामान्य व सफाई कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल का एलान किया है। वहीं, दून नगर निगम में कर्मचारियों ने तालाबंदी कर नगर आयुक्त अभिषेक रूहेला के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर धरना दिया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को नगर विकास कर्मचारी महासंघ के बैनर तले निकाय कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। जैसे ही दफ्तर खुले, आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने तालाबंदी कर दी और कामकाज ठप कर दिया। इससे जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने आए लोग या शिकायत लेकर निकायों में आए लोग बैरंग लौट गए। महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष नाम बहादुर और महामंत्री प्रदीप कुमार वर्मा का आरोप है कि वर्ष 2014 से कर्मचारियों को सामूहिक बीमा के लंबित देयक का भुगतान नहीं किया गया है।
निकाय कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों के समान मकान किराया भत्ता देने का शासनादेश भी जारी नहीं हुआ है, न ही राजस्व एवं सफाई निरीक्षक संवर्ग की पदोन्नति सूची जारी की गई। महासंघ ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजना प्रदेश के सभी नगर निकायों में लागू करने और राज्य कर्मचारियों के वेतन की तरह निकाय में भी वेतन कोषागार के माध्यम से देने, निकायों में रिक्त पड़े पदों पर नियमित नियुक्ति प्रदान करने की मांग भी की है।
शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत का कहना है कि प्रदेश सरकार अपने कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जहां तक निकायों के कर्मचारियों के आंदोलन का सवाल है तो परिस्थितियों के हिसाब से जो उचित होगा, उनके हित में कदम उठाए जाएंगे।
हरिद्वार : नगर निगम में प्रदर्शन किया प्रदर्शन
निकाय कर्मचारी महासंघ ने नियमितीकरण, पदोन्नति आदि मांगों को लेकर सोमवार को सामूहिक अवकाश लेकर नगर निगम में प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेता अखिलेश कुमार शर्मा, इंद्र सिंह रावत, आदेश यादव आदि ने कहा कि जब तक मांगें नहीं मान ली जाती आंदोलन जारी रहेगा। महासंघ नगर निगम शाखा के महामंत्री इंद्र सिंह रावत ने कहा कि मांगे पूरी नहीं हुई तो 16 सितंबर से 18 सितंबर तक क्रमिक धरना किया जाएगा। प्रांतीय आह्वान पर 20 सितंबर से हड़ताल की जाएगी। सामूहिक कार्य बहिष्कार में सुधाकर भट्ट, देव सिंह, प्रवीण कुमार, ललित अरोड़ा, सोनू, मोहन सिंह रावत, कुसुम लता, रामअवतार ,पूजा समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें:- workers protested: बिजली कर्मियों ने फोन बंद कर जताया विरोध, जानिए क्या है मांग