अपनी ही पार्टी के लिए राहुल गांधी खतरनाक: सांसद मनोज तिवारी
सांसद मनोज तिवारी ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने राफेल डील मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को घेरा और कहा कि राहुल अपनी ही पार्टी के लिए खतरनाक हैं।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार के लिए उत्तराखंड दौरे पर आए भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने बुधवार को कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। देहरादून में प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने राफेल डील मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को घेरा और कहा कि राहुल अपनी ही पार्टी के लिए खतरनाक हैं।
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष तिवारी बुधवार को चुनाव प्रचार के दौरान दोपहर बाद अचानक बलवीर रोड स्थित पार्टी के प्रांतीय कार्यालय पहुंचे। इस दौरान राफेल डील से संबंधित पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो रेट तय था, उसी पर डील हुई। कांग्रेस अध्यक्ष को घेरते हुए उन्होंने कहा कि फ्रांस की कंपनी डसॉ के सीईओ ने राहुल गांधी के सवालों का उत्तर दे दिया है। यह राहुल गांधी के चेहरे पर करारा तमाचा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का आदर्श हिटलर का वह जनरल है, जो कहता था कि एक झूठ को बार-बार बोलो तो लोग उसे सच समझने लगते हैं। साथ ही राहुल गांधी को कांग्रेस के लिए भी खतरनाक करार दिया।
सांसद तिवारी ने कहा कि छठ के मौके पर दिए गए अपने उस बयान पर वह आज भी कायम हैं, जिसमें कहा गया था कि सद्बुद्धि के लिए सोनिया गांधी व राहुल को गंगा की उपासना करनी चाहिए। आप पार्टी से संबंधित प्रश्न पर उन्होंने कहा कि आप पार्टी गुंडों की पार्टी बन गई है। दिल्ली में सिग्नेचर ब्रिज पर उनके साथ जो व्यवहार किया गया, वह इसका परिचायक है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों के संबंध में उन्होंने कहा कि हरीश रावत को उत्तराखंड की जनता मौका दे चुकी है, जिसमें वे असफल रहे हैं। इस दौरान राज्य को लूट का केंद्र बना दिया गया था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता इससे वाकिफ है और जिस तरह यहां की जनता ने लोस व विस चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया, ठीक उसी प्रकार निकाय चुनाव में भी भाजपा का परचम लहराएगा और विकास कार्य तेजी से होंगे।
यह भी पढ़ें: भाजपा किसी एक वर्ग की पार्टी नहीं: त्रिवेंद्र रावत
यह भी पढ़ें: सीएम रावत ने हल्द्वानी में भरी हुंकार, बोले-भ्रष्टाचार विकास में सबसे बड़ी बाधा