देहरादून के ‘जंगल में अमंगल’: पद्मश्री डॉ. योगी ऐरन के फार्म हाउस में घुसी भीड़, की तोड़फोड़ और दी धमकी
पद्मश्री डॉ. योगी ऐरन की देहरादून स्थित संपत्ति 'जंगल-मंगल' में करीब 50 लोगों की भीड़ घुस गई, जिन्होंने तोड़फोड़ कर ...और पढ़ें
HighLights
पद्मश्री डॉ. योगी ऐरन की संपत्ति पर भीड़ का हमला
करीब 50 लोगों ने घुसकर की तोड़फोड़ और धमकी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, दस्तावेज मांगे
जागरण संवाददाता, देहरादून। जरूरतमंदों की निश्शुल्क प्लास्टिक सर्जरी के लिए पहचान बनाने वाले पद्मश्री डॉ. योगी ऐरन की कुठाल गेट स्थित संपत्ति ‘जंगल-मंगल’ में दबंगों की भीड़ के घुसने और हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 50 महिला-पुरुष परिसर में घुस आए।
सम्पत्ति पर कब्जे के इरादे से वहां रखे सामान को उठाने का प्रयास किया और विरोध करने पर तोड़फोड़ करते हुए जान से मारने की धमकी दी। 87 वर्षीय डॉ. ऐरन ने राजपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
परिसर के पिछले हिस्से से अंदर दाखिल हुए लोग
डॉ. ऐरन के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे लोग परिसर के पिछले हिस्से से अंदर दाखिल हुए। शुरुआत में कर्मचारियों को लगा कि वे परिसर देखने आए हैं, लेकिन कुछ देर बाद वहां रखा सामान उठाया जाने लगा। विरोध करने पर स्थिति बिगड़ गई।
आरोप है कि भीड़ ने हंगामा और तोड़फोड़ की तथा धमकियां देते हुए वहां से चली गई। डॉ. ऐरन ने घटना से संबंधित फोटो, वीडियो और आडियो भी पुलिस को सौंपे हैं। घटना के बाद से बुजुर्ग दंपती ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
हरियाली बचाने की चिंता, जमीन के मालिकाना हक की जांच
डॉ. ऐरन का आरोप है कि ‘जंगल-मंगल’ की बेशकीमती जमीन पर कुछ लोगों की नजर है। उनका कहना है कि वह वर्ष 1982 से इस संपत्ति में रह रहे हैं और इसे कंक्रीट के जंगल में तब्दील नहीं होने देना चाहते। उन्होंने पास की एक अन्य संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद से ‘जंगल-मंगल’ की मूल जमीन के विवाद को अलग बताया है।
उधर, राजपुर थाना पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना अधिकार जता रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूसरे पक्ष को हटाया और दोनों पक्षों से मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज मांगे हैं। भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए राजस्व विभाग से सीमांकन कराने को भी कहा गया है। मामले की जांच कुठाल गेट चौकी प्रभारी को सौंपी गई है।
