Lockdown 3.0: ट्रेन मिलने पर कई राज्यों से वापसी करेंगे उत्तराखंड के प्रवासी
प्रवासी उत्तराखंड़ियों को दूरदराज राज्यों से वापस लाने के लिए अब रेलवे की अनुमति पर राज्य सरकार ने टकटकी बांध दी है। प्रवासियों को ट्रेन उपलब्ध होने पर लाया जाएगा।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रवासी उत्तराखंड़ियों को दूरदराज राज्यों से वापस लाने के लिए अब रेलवे की अनुमति पर राज्य सरकार ने टकटकी बांध दी है। तेलंगाना, केरल, पश्चिम बंगाल, गुजरात, बंगलौर और बिहार से प्रवासियों को ट्रेन उपलब्ध होने पर लाया जाएगा। इसी तरह उत्तराखंड से अन्य प्रदेशों में जाने के इच्छुक लोगों को भी ट्रेन उपलब्ध होने पर छोड़ा जाएगा। वहीं, उत्तरप्रदेश जाने के लिए 8987 लोग कतार में हैं। हालांकि, इन लोगों की वापसी को अभी उत्तरप्रदेश की सहमति का इंतजार किया जा रहा है।
अन्य राज्यों से उत्तराखंड लौटने के लिए अभी तक 2,12,718 लोग पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें से 82,834 लोग राज्य में आए हैं। परिवहन सचिव व प्रवासियों की वापसी को बनाए गए नोडल अधिकारी शैलेश बगोली ने बताया कि विभिन्न राज्यों से उत्तराखंड आने वालों में दिल्ली से 27,024, हरियाणा से 16,385, उत्तरप्रदेश से 14,403, चंडीगढ़ से 7,559, पंजाब से 3,886, महाराष्ट्र से 3,714, राजस्थान से 3,509, गुजरात से 2,963, कर्नाटक से 1,594 व अन्य राज्यों से 1,797 लोग हैं।
इसी तरह उत्तराखंड से अन्य राज्यों को जाने के लिए 33,990 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इनमें उत्तरप्रदेश के लिए 8,987, जम्मू के लिए 2,394, राजस्थान के लिए 1,689, दिल्ली 1103, पश्चिम बंगाल के लिए 579, हरियाणा के लिए 439, बिहार के लिए 426, पंजाब के लिए 248 व अन्य राज्यों के लिए 264 लोग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में फंसे बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लोगों को जल्द भेजेंगे। बिहार सरकार ने तो सहमति दे दी है। उन्होंने बताया कि गढ़वाल व कुमाऊं से करीब 20 हजार लोग बिहार लौटने की प्रतीक्षा में है। इन लोगों की वापसी को रेलवे से संपर्क किया गया है। पश्चिम बंगाल जाने वाले और वहां से आने वाले प्रवासियों के लिए एक ही ट्रेन की आवाजाही को लेकर रेल मंत्रालय से अनुरोध किया जाएगा।
अगले पांच दिनों की कार्ययोजना
- 16 मई से 20 मई तक उत्तरप्रदेश से 8121 लोगों को आने के लिए पास जारी
- गुजरात, तेलंगाना, पुणे, सूरत, दिल्ली, गोव, त्रिवेंद्रम, चेन्नई आदि राज्यों में फंसे हुए व्यक्तियों को रेल से लाने को प्रक्रिया गतिमान
- अहमदाबाद से लालकुंआ, गोवा एवं हैदराबाद से हरिद्वार के लिए आगामी दो-तीन दिनों में रेल के माध्यम से लाने की कार्यवाही गतिमान
- होशियारपुर से 360, चंडीगढ़ से 346 लोग उत्तराखंड के लिए शनिवार को प्रस्थान करेंगे। -उत्तराखंड आने वाले प्रवासियों को निजी वाहन से आने के लिए ई-पास जारी किए जा रहे हैं।
काम मिलने से प्रवासियों की संख्या गिरने के संकेत
विभिन्न प्रदेशों में उद्योग-धंधे शुरू होने के बाद उत्तराखंड लौट रहे प्रवासियों की संख्या में गिरावट के संकेत हैं। हरियाणा के पानीपत से 1000 प्रवासियों में से अब 700 ने ही वापस आने में रुचि ली है। तकरीबन 30 फीसद लोगों ने अपना रुख बदल लिया है।
यह भी पढ़ें: गांवों में क्वारंटाइन का खर्च उठाएगा सीएम राहत कोष, पढ़िए
श्रमिकों को रोके रखने को डीएम करेंगे काउंसिलिंग
उत्तराखंड से भी अन्य प्रदेशों को वापस लौट रहे श्रमिकों को रोकने के लिए उनकी काउंसिलिंग शुरू कर दी गई है। इसके जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही जिलों में प्रारंभ हो रहे काम-धंधों, उद्योगों में जरूरत के मुताबिक उन्हें नियोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: डाकघर में खाता खुलवाने को उमड़ रही भीड़, कोरोना संक्रमण का बढ़ा खतरा